ब्लाइंड-स्कूल में 8वीं के छात्र ने सुसाइड किया:गोरखपुर में पिता बोले- जन्म से देख नहीं सकता था बेटा, दुनिया घूमाने के लिए कहता था

ब्लाइंड-स्कूल में 8वीं के छात्र ने सुसाइड किया:गोरखपुर में पिता बोले- जन्म से देख नहीं सकता था बेटा, दुनिया घूमाने के लिए कहता था

जन्म से आंख से दिव्यांग बेटे ने ढेर सारे सपने देखे थे। वह कहता था कि क्या हुआ मैं देख नहीं सकता हूं, लेकिन परिवार को एक दिन पूरी दुनिया की सैर कराउंगी। पढ़ने में तेज बेटे को खुद पर विश्वास था, इसलिए हमेशा कहता था कि एक दिन बड़ा अधिकारी बनकर आपका दिव्यांग बेटा परिवार का सम्मान बढ़ाएगा। बेटे को खोने के बाद उसे यादकर पिता रामआसरे ने यह बातें बताईं। वह उसे यादकर बैठकर रोने लगे। अपने छोटे बेटे के साथ बड़े बेटे अनूप कुमार (18) की मौत की खबर सुनकर कॉलेज स्थित हॉस्टल पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि मेरा बेटा बहुत होनहार था। देवरिया में दिव्यांगों के लिए अच्छी पढ़ाई की व्यवस्था न होने की वजह से उसे गोरखपुर पढ़ने के लिए भेजा था। बेटे के सुसाइड की बात वह स्वीकार नहीं कर पा रहे थे। निगरानी पर उठे सवाल आंख से दिव्यांग छात्र की मौत के बाद परिजनों ने हॉस्टल प्रबंधन की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि छुट्टी के दौरान छात्रों की देखरेख में अपेक्षित सतर्कता नहीं बरती गई। दृष्टिबाधित छात्रों की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त निगरानी और सहयोग की जरूरत होती है। ऐसे में घटना के बाद हॉस्टल प्रबंधन की व्यवस्था सवालों के घेरे में है।
परिजनों का कहना है कि हॉस्टल में रहने वाले छात्रों की सुरक्षा की जिम्मेदारी स्कूल प्रशासन की है। छुट्टी के दौरान परिसर में मौजूद छात्रों की निगरानी के लिए पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती जरूरी है। उन्होंने स्कूल प्रशासन से हॉस्टल में छात्रों की निगरानी की व्यवस्था, कर्मचारियों की ड्यूटी और सुरक्षा मानकों की जांच कराने की मांग की है। साथ ही लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारी तय करने की भी मांग की है। हॉस्टल में 101 छात्र, घटना के समय 65 मौजूद
हॉस्टल में कुल 101 छात्र रहते हैं। घटना के समय 65 छात्र मौजूद थे। छात्र के बाथरूम जाने के बाद उसकी निगरानी नहीं हो पाने को लेकर परिजनों ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि समय रहते जानकारी मिल जाती तो छात्र की तलाश शुरू की जा सकती थी। घटना के बाद हॉस्टल में रह रहे अन्य छात्रों की सुरक्षा को लेकर भी परिजनों ने चिंता जताई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। एसएसपी और डीएम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्कूल प्रशासन से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस ने हॉस्टल में छात्रों की निगरानी, मौके की परिस्थितियों और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि छात्र आखिरी बार कहां और किस स्थिति में देखा गया था। पोस्टमार्टम में हैंगिंग की पुष्टि
दो डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के साथ छात्र का पोस्टमार्टम किया। रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग बताया गया है। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर गृह जनपद देवरिया चले गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बाथरूम में गमछे से लटकी मिली लाश गोरखपुर के लालडिग्गी स्थित स्पर्श राजकीय दृष्टिबाधित बॉयज इंटर कॉलेज के बाथरूम में बुधवार सुबह 8वीं के छात्र की गमछे से लटकी लाश मिली। जिसकी पहचान देवरिया के रामगुलाम टोला के अनूप कुमार (18) के रूप में हुई। यहां आवासीय व्यवस्था में रहकर पढ़ रहा था। घटना की जानकारी सुबह करीब 10 बजे पुलिस को मिली। सूचना पर एसपी सिटी निमिष पाटिल और एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार भी पहुंचे। वहां स्कूल का सीसीटीवी कैमरा भी देखा। जिसमे छात्र गमछा और बाल्टी लेकर बाथरूम में अकेले जाते हुए दिखा है। जिससे सुसाइड की आशंका जाहिर की गई है। वहीं छात्र का मोबाइल कब्जे में लेकर उसकी भी जांच पड़ताल की जा रही है। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि शव को बीआरडी मेडिकल कॉलेज भिजवा दिया गया। बाथरूम में बंद था, आवाज नहीं आई तो प्रबंधन को हुई शंका
उप निदेशक दिव्यांग अनूप कुमार ने बताया कि मंगलवार रात 10 बजे छात्र बाथरूम में गया था। रात भर उसी में पड़ा रहा। सुबह सफाईकर्मी विनोद आया। उसने दरवाजा काफी देर तक बंद देखकर दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई आवाज नहीं आने पर थाना राजघाट पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा खोलने पर देखा कि छात्र ने दरवाजे की कुंडी में गमछे के सहारे लटका हुआ था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बाहर निकाला। 2019 से हॉस्टल में रह रहा था
देवरिया के रामगुलाम टोला निवासी रामआसरे का बेटा अनूप कुमार साल 2019 से गोरखपुर के लालडिग्गी स्थित ब्लाइंड स्कूल में आवासीय छात्र के रूप में रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह दोनों आखों से दिव्यांग था। पुलिस ने तत्काल उसके परिजनों को सूचना दी। अपने रिश्तेदारों के साथ पहुंचे पिता रामआसरे ने स्कूल में सबसे पूछताछ की। सीसीटीवी कैमरा भी देखा। CCTV और मोबाइल की जांच
पुलिस को मौके पर लगे सीसीटीवी में छात्र अकेले जाता हुआ दिखाई दिया है। उसके हाथ में गमछा था। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए उसके मोबाइल की कॉल डिटेल और अन्य जानकारियां खंगाल रही है। साथ ही स्कूल के अन्य छात्रों और शिक्षकों से भी पूछताछ की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *