बोकारो में 36वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय बालिका कबड्डी चैंपियनशिप:27-30 दिसंबर तक होगा आयोजन, 30 टीमें और 600 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

बोकारो में 36वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय बालिका कबड्डी चैंपियनशिप:27-30 दिसंबर तक होगा आयोजन, 30 टीमें और 600 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

बोकारो स्टील सिटी में दिसंबर में कबड्डी का राष्ट्रीय स्तर का महाकुंभ सजेगा। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), सेक्टर-4 में 27 से 30 दिसंबर 2026 तक 36वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय बालिका कबड्डी चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में देश के 28 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों जम्मू-कश्मीर व दिल्ली की कुल 30 टीमें हिस्सा लेंगी। इसमें लगभग 600 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। प्रतियोगिता को लेकर शुक्रवार को डीपीएस बोकारो में झारखंड कबड्डी एसोसिएशन की ओर से यह जानकारी दी गई। साई के चयनकर्ता भी प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान करेंगे
झारखंड कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष गोपाल ठाकुर ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन झारखंड सरकार के पर्यटन, कला-संस्कृति, खेल एवं युवा कार्य विभाग के सहयोग से किया जा रहा है। इसे एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया और झारखंड ओलंपिक संघ की मान्यता प्राप्त है। मैच लीग-कम-नॉकआउट आधार पर खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के चयनकर्ता भी प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान करेंगे। चयनित खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण देकर भविष्य में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार किया जाएगा। समापन समारोह में झारखंड की संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी
गोपाल ठाकुर ने बताया कि आयोजन को भव्य बनाने के लिए उद्घाटन और समापन समारोह में झारखंड की संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। विद्यालय के बच्चों और कलाकारों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। खिलाड़ियों के मनोरंजन के लिए प्रतिदिन शाम को भी कार्यक्रम होंगे। खिलाड़ियों के भोजन में फेडरेशन के निर्धारित मानकों का पालन किया जाएगा। गोपाल ठाकुर के अनुसार, प्रतियोगिता में अर्जुन पुरस्कार विजेता दीपक हुड्डा, स्टार रेडर अर्जुन देशवाल, भारतीय टीम के उपकप्तान पवन सहरावत और द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता प्रशिक्षकों के शामिल होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से कबड्डी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने और स्थानीय खिलाड़ियों को प्रेरित करने में मदद मिलेगी। डीपीएस बोकारो के प्राचार्य डॉ. एएस गंगवार ने कहा कि विद्यालय आयोजन को भव्य बनाने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने कहा-यहां आने वाले खिलाड़ियों को सुरक्षित और आरामदायक माहौल दिया जाएगा, ताकि वे बिना किसी परेशानी के प्रतियोगिता में भाग ले सकें और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *