बैतूल जिले में स्टोन क्रेशर और किसानों के खेतों से केबल चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। साईंखेड़ा और आमला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में खंडवा जिले के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से 16.4 किलो तांबे का तार और वारदात में इस्तेमाल टवेरा वाहन जब्त किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी इससे पहले हरदा जिले में चोरी के चार मामलों में गिरफ्तार होकर जेल जा चुके हैं। स्टोन क्रेशर और किसानों के कुओं से चोरी पुलिस के अनुसार, पहली घटना 23 और 24 सितंबर की दरम्यानी रात ग्राम बोथिया ब्राह्मणवाड़ा में एनएच-47 के पास स्थित जलाराम स्टोन क्रेशर पर हुई थी। अज्ञात चोर क्रेशर मशीन और कमरे का ताला तोड़कर पैनलों में लगे करीब 250 फीट तांबे के केबल चुरा ले गए थे। इसके बाद 29 और 30 सितंबर की दरम्यानी रात बिरूल बाजार में 7 से 8 किसानों के खेतों में बने कुओं से केबल वायर चोरी होने की शिकायत मिली। पुलिस ने दोनों मामलों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस लगातार हुई चोरी की घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) सहित तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसके आधार पर संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस ने फारूख मंशूर (24) और समीर खान (19), निवासी ग्राम रोशनी; सलमान खान (23), निवासी ग्राम दिदमदा; और फरान खान (24), निवासी ग्राम चैनपुर सरकार को गिरफ्तार किया है। रोशनी और दिदमदा गांव खालवा थाना क्षेत्र में, जबकि चैनपुर सरकार हरसूद थाना क्षेत्र में आता है। सभी गांव खंडवा जिले में हैं। हरदा में भी चोरी के चार मामलों में गिरफ्तार हो चुके हैं आरोपी पुलिस के मुताबिक, चारों आरोपी पहले हरदा जिले में चोरी के चार मामलों में गिरफ्तार हुए थे। 21 अगस्त 2026 को जेल से रिहा होने के बाद साईंखेड़ा और आमला थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता सामने आई है। पुलिस ने मामले में संगठित रूप से अपराध किए जाने से संबंधित धारा 111(4) भी बढ़ाई है। तांबे का तार और टवेरा वाहन जब्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 16.400 किलोग्राम तांबे का तार जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 19,680 रुपए बताई गई है। इसके अलावा गुजरात नंबर का टवेरा वाहन (GJ-31-N-4530) भी जब्त किया गया है। इसी वाहन का इस्तेमाल वारदातों में किए जाने की बात पुलिस ने बताई है।

