भदोही में इंदिरा मिल रेलवे क्रॉसिंग के पास गुरुवार शाम एक दर्दनाक ट्रेन हादसे में 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला अपने बेटे के पीछे रेलवे ट्रैक तक पहुंची थी। बेटे को बचाने के प्रयास में वह खुद ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका 20 वर्षीय बेटा घायल हो गया। घायल युवक को महाराजा बलवंत सिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतका की पहचान शिवकुमारी देवी पत्नी रामसागर राजभर, निवासी चक भुईधर, चौरी के रूप में हुई है। हादसे में उनके बेटे विशाल राजभर के दाहिने पैर में चोट आई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। बताया गया है कि शिवकुमारी देवी की बेटी का प्रसव भदोही के एक निजी अस्पताल में हुआ था। शिवकुमारी देवी और उनका 20 वर्षीय बेटा विशाल राजभर अस्पताल में मौजूद थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विशाल कथित तौर पर नशे की हालत में था। विवाद के बाद वह ट्रेन से कटने की बात कहते हुए अस्पताल से निकल गया। बेटे के इस तरह चले जाने के बाद शिवकुमारी देवी भी उसके पीछे-पीछे पहुंचीं। विशाल इंदिरा मिल रेलवे क्रॉसिंग के पास रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया। इसी दौरान ट्रेन आने पर शिवकुमारी देवी ने बेटे को बचाने का प्रयास किया। इस दौरान विशाल तो ट्रेन की चपेट में आने से बच गया, लेकिन उसकी मां ट्रेन की चपेट में आ गईं। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बेटे का अस्पताल में चल रहा इलाज हादसे में विशाल के दाहिने पैर में चोट लगी है। घटना के बाद उसे उपचार के लिए भदोही स्थित महाराजा बलवंत सिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस घायल विशाल से पूछताछ कर घटना से पहले हुए विवाद और हादसे की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कारपेट सिटी चौकी प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। विवाद के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, कोतवाली प्रभारी शैलेश कुमार राय ने बताया कि घायल विशाल से पूछताछ जारी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतका के पति रामसागर राजभर समेत अन्य परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।

