‘बेटी की फीस भरने के लिए सड़क पर दौड़ी मां’ नेहा सिंह राठौर ने सरकार पर उठाए सवाल, बोलीं- गर्व या शर्मनाक?

‘बेटी की फीस भरने के लिए सड़क पर दौड़ी मां’ नेहा सिंह राठौर ने सरकार पर उठाए सवाल, बोलीं- गर्व या शर्मनाक?

Neha Singh Rathore Video: अपने बेबाक बयानों के जरिए सामाजिक-राजनीतिक मुद्दों पर सरकार को घेरने वाली फेमस फोक सिंगर नेहा सिंह राठौर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर चर्चा बटोरी रही 47 साल की रमाबाई रणबीर नाम की महिला की बात की। जिसने अपनी बेटी की फीस भरने के लिए साड़ी पहनकर नंगे पैर दौड़ लगाई और 3000 रुपये जीते हैं। अब हर कोई मां की ममता को सलाम कर रहा है, लेकिन नेहा सिंह राठौर ने सामाजिक सोच पर कई तीखे सवाल खड़े किए हैं।

नेहा सिंह राठौर ने सरकार पर उठाए सवाल

नेहा सिंह राठौर ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक भावुक और आक्रोश से भरी टिप्पणी शेयर की। उन्होंने कहा कि समाज उस मां की बेबसी और लाचारी पर बात करने के बजाय उसकी मजबूरी का जश्न मना रहा है, जो बेहद चिंताजनक है।

नेहा सिंह राठौर ने वीडियो में सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा, “अगर इस देश में एक 47 साल की मां को अपनी मासूम बेटी की फीस भरने के लिए सड़क पर साड़ी पहनकर नंगे पैर दौड़ लगानी पड़ रही है, तो हम किस बात के ‘विश्व गुरु’ होने का ढिंढोरा पीट रहे हैं?”

नेहा सिंह राठौर ने आगे कहा, “लोग उस मां की ममता को सलाम कर रहे हैं, लेकिन उसकी भयानक मजबूरी पर कोई बात नहीं कर रहा। जिन बातों पर हमें एक समाज के रूप में शर्मिंदा होना चाहिए था, आज हम उन बातों पर गर्व करने लगे हैं। यह बीते एक दशक का सबसे बुरा और चिंताजनक सामाजिक बदलाव है।”

‘यह बीते एक दशक का सबसे बुरा बदलाव’

नेहा सिंह राठौर ने इस घटना को लेकर अपनी गहरी चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा, “यह बीते एक दशक का सबसे बुरा बदलाव है। इस भयानक बदलाव में मौजूदा सरकार ने बढ़-चढ़कर योगदान दिया है। अपनी नाकामियों का उत्सव मनाकर इसने देश भर को मूर्ख बनाया है।”

उन्होंने आगे सवाल उठाया, “क्या आप सरकार की उन नाकामियों को याद कर पा रहे हैं जिन पर सरकार को शर्म आनी चाहिए, लेकिन उनके नाम पर उत्सव मनाकर वोट मांगा जाता है?” 

सोशल मीडिया पर बहस

नेहा सिंह राठौर के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कुछ यूजर्स ने उनकी बात का समर्थन करते हुए कहा कि वास्तव में यह एक गंभीर मुद्दा है जिस पर चर्चा होनी चाहिए। वहीं, कुछ लोगों ने इसे राजनीतिक बयानबाजी करार दिया और कहा कि नेहा को ऐसे संवेदनशील मुद्दों का राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए। यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और नेहा सिंह राठौर के बयान को लेकर लोग अपनी-अपनी राय दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *