बुलंदशहर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन गुरुवार को बुलंदशहर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया। इस मौके पर जिले में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। गंगानगर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष विकास चौहान की अध्यक्षता में हवन-पूजन हुआ। मंत्रोच्चार के साथ प्रधानमंत्री की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और देश सेवा के लिए आहुतियां दी गईं। दिनभर होंगे सेवा से जुड़े कार्यक्रम भाजपा जिलाध्यक्ष विकास चौहान ने बताया कि पार्टी पूरे जिले में प्रधानमंत्री का जन्मदिन ‘सेवा दिवस’ के रूप में मना रही है। दिन की शुरुआत धार्मिक अनुष्ठानों से हुई। इसके बाद दोपहर में रक्तदान शिविर लगाया गया, जिसमें कार्यकर्ताओं और युवाओं ने हिस्सा लिया। उन्होंने बताया कि शाम 6:30 बजे ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें कार्यकर्ता और आम लोग दीप जलाकर प्रधानमंत्री की लंबी उम्र की कामना करेंगे।
17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’ जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 140 करोड़ देशवासियों को अपना परिवार मानते हैं और दिन-रात देश के विकास के लिए काम कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि इसी सेवा भावना के तहत भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। अभियान के दौरान पार्टी कार्यकर्ता जिले के गांवों और घर-घर जाकर केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देंगे। साथ ही जिन जरूरतमंद लोगों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाया है, उन्हें लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

