बुरहानपुर जिले में परिवहन विभाग यात्री और स्कूली बसों की जांच का अभियान चला रहा है। मंगलवार को RTO विभाग ने कार्रवाई की। इस दौरान 4 स्लीपर कोच यात्री बसों के परमिट रद्द किए गए। एक यात्री बस को करीब 2 लाख रुपए टैक्स बकाया होने पर जब्त किया गया, जबकि एक स्कूली बस का फिटनेस और बीमा नहीं होने पर 10 हजार रुपए का चालान काटा गया। RTO राजेश गुप्ता ने बताया कि एक बस संचालक ने करीब डेढ़ साल से टैक्स जमा नहीं किया था। बस का फिटनेस भी नहीं था। करीब 2 लाख रुपए टैक्स बकाया होने के कारण बस जब्त की गई। स्कूल बस का 10 हजार रुपए चालान सेंट जेवियर स्कूल की बस का फिटनेस और बीमा नहीं था। इस पर परिवहन विभाग ने 10 हजार रुपए का चालान काटा। जिन 4 यात्री बसों के परमिट रद्द किए गए, उनमें जलगांव (महाराष्ट्र) की 1, अरुणाचल प्रदेश की 2 और अलीराजपुर की 1 बस शामिल है। राजेश गुप्ता ने बताया कि यात्री और स्कूली बसों की जांच आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने बस संचालकों से नियमों का पालन करने की अपील की।

