बुरहानपुर ग्राम घाघरला में जंगली सुअरों के कारण किसान परेशान हैं। इन दिनों जंगली सुअर खेतों में घुसकर खड़ी मक्का की फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं। कई खेतों में मक्का के पौधे टूटे पड़े हैं और फसल रौंदी हुई है। गांव के किसान संतोष राठौर और पवन चौहान ने बताया कि उन्होंने बारिश के मौसम में मेहनत और खर्च कर मक्का की फसल लगाई थी। फसल अच्छी खड़ी हुई थी, लेकिन जंगली सुअर खेतों में घुसकर उसे नष्ट कर रहे हैं। किसानों के अनुसार, रात में रखवाली के बावजूद सुअर फसल को रौंदकर और खाकर नुकसान पहुंचा रहे हैं। फसल बचाने खेत में सो रहे ग्रामीण
किसान रविशंकर मायाराम ने बताया कि फसल बचाने के लिए उन्हें रातभर खेत में सोना पड़ रहा है। दिनभर खेती का काम करने के बाद भी रात में जागकर पहरा देना पड़ रहा है। गांव के कई किसानों के खेतों में इसी तरह फसल को नुकसान पहुंचा है। किसानों का कहना है कि बीज, खाद, दवाई और मजदूरी पर बड़ी रकम खर्च होती है। फसल नष्ट होने से उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा है। किसानों ने वन विभाग और प्रशासन से मौके पर सर्वे कराने, फसल बचाने के इंतजाम करने और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। वन विभाग ने कहा- राजस्व विभाग देता है मुआवजा वन विभाग के नावरा रेंजर पुष्पेंद्र जादौन ने बताया कि खेतों के किनारे जंगली सुअरों का मूवमेंट रहता है। फसल को नुकसान होने पर वन और राजस्व विभाग की टीम संयुक्त रूप से प्रकरण बनाती है। मुआवजा राजस्व विभाग की ओर से दिया जाता है।

