बुजुर्ग दंपती को बंधक बनाकर डकैती का खुलासा:जालौन में मुठभेड़ में बदमाश के पैर में लगी गोली; 3 गिरफ्तार, लाखों के जेवर-35 हजार नकद बरामद

बुजुर्ग दंपती को बंधक बनाकर डकैती का खुलासा:जालौन में मुठभेड़ में बदमाश के पैर में लगी गोली; 3 गिरफ्तार, लाखों के जेवर-35 हजार नकद बरामद

जालौन के कोंच कोतवाली क्षेत्र के सिमरिया गांव में जन्माष्टमी की रात रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी और उनकी पत्नी को बंधक बनाकर डाली गई डकैती का पुलिस ने खुलासा किया है। रविवार रात पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने तीनों के कब्जे से लाखों रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, 35 हजार रुपए नकद, अवैध असलहा, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा बरामद किया है। डकैती में शामिल दो अन्य बदमाश अभी फरार हैं। ई-रिक्शा से जा रहे थे बदमाश, पुलिस ने रोकने की कोशिश की अपर पुलिस अधीक्षक जालौन डॉ. ईशान सोनी के मुताबिक, 4/5 सितंबर की रात सिमरिया गांव में 70 वर्षीय रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी रघुवीर अहिरवार के घर डकैती के बाद पुलिस की कई टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी थीं। रविवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि वारदात में शामिल कुछ संदिग्ध बदमाश ई-रिक्शा से अंडा-बिरगुवां मार्ग की ओर जा रहे हैं। सूचना पर एसओजी, सर्विलांस और कोंच कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम अंडा से बैरागढ़ की ओर जाने वाले संपर्क मार्ग पर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध ई-रिक्शा को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक- बदमाशों ने शुरू कर दी फायरिंग पुलिस के अनुसार, घेराबंदी देखकर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। उनकी ओर से दो राउंड फायर किए गए। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में दो राउंड फायरिंग की। मुठभेड़ के दौरान रवि अहिरवार के पैर में गोली लग गई। गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहीं, घेराबंदी कर जमील अहमद और प्रमोद उर्फ चीकू को भी गिरफ्तार कर लिया गया। असलहा, जिंदा-खोखा कारतूस और लाखों के जेवर बरामद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध असलहा बरामद किया है। इसमें एक खोखा कारतूस फंसा हुआ था। इसके अलावा एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस भी बरामद किया गया है। एएसपी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से पीली और सफेद धातु के लाखों रुपए कीमत के आभूषण और 35 हजार रुपए नकद मिले हैं। वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा भी पुलिस ने कब्जे में लिया है। बरामद जेवरात को रिटायर्ड रेलकर्मी के घर हुई डकैती से जोड़कर पुलिस आगे की जांच कर रही है। बुजुर्ग दंपती को बंधक बनाकर की थी लूट पुलिस के मुताबिक, 4/5 सितंबर की रात बदमाशों ने सिमरिया गांव में रघुवीर अहिरवार के घर धावा बोला था। बदमाशों ने बुजुर्ग दंपती को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की और घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद एसओजी और सर्विलांस समेत कई पुलिस टीमों को बदमाशों की तलाश में लगाया गया था। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर किया निरीक्षण मुठभेड़ की सूचना पर एएसपी डॉ. ईशान सोनी और क्षेत्राधिकारी कोंच परमेश्वर प्रसाद मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस टीम से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। बरामद असलहे, कारतूस, जेवरात और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की गई। गिरफ्तार तीनों आरोपियों की पहचान पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि अहिरवार पुत्र गोविंददास (24), निवासी मोहल्ला गांधीनगर कोंच; जमील अहमद पुत्र रफीक अहमद (57), निवासी कांशीराम कॉलोनी कोंच और प्रमोद उर्फ चीकू पुत्र स्वर्गीय माताप्रसाद (44), निवासी ग्राम सिमरिया, थाना कोंच के रूप में की है। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों के खिलाफ एक-एक मामला दर्ज है। इनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। दो अन्य बदमाशों की तलाश में दबिश एएसपी डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि डकैती में शामिल दो अन्य बदमाश अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर डकैती की पूरी घटना और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *