अखिल भारतीय अग्रवाल महिला सम्मेलन की प्रदेश इकाई ने सत्यनारायण शिव मंदिर, अनाज मंडी में ”एक शाम बुजुर्गों के नाम” कार्यक्रम आयोजित किया। आयोजन का उद्देश्य बुजुर्गों के अनुभव, स्नेह और योगदान के प्रति सम्मान प्रकट करना रहा। कार्यक्रम में बुजुर्गों का आत्मीय स्वागत किया गया और मनोरंजक खेल कराए गए, जिनमें उन्होंने उत्साह से भाग लिया। नाटक और नृत्य प्रस्तुतियों ने माहौल को जीवंत बनाया। भजनों की मधुर धुनों पर बुजुर्ग झूमते नजर आए और खुशी खुलकर व्यक्त की। समापन पर जलपान की व्यवस्था रही तथा बुजुर्गों को मालाएं और उपहार देकर सम्मानित किया गया। प्रदेश अध्यक्ष अनीता जैन और प्रदेश कोषाध्यक्ष अनु गोयल ने कहा कि ऐसे आयोजन बुजुर्गों के साथ समय बिताने और समाज में उनकी अहमियत रेखांकित करने का सार्थक माध्यम हैं।

