बीकानेर की बीछवाल स्थित खुली जेल से बुधवार को एक बंदी फरार हो गया। 21 अक्टूबर की सुबह बंदियों की नियमित गिनती और हाजिरी के दौरान डिम्पी उर्फ सैंकी माली गैरहाजिर मिला। तलाश करने पर वह जेल परिसर में नहीं मिला। जेल प्रहरी की रिपोर्ट पर बीछवाल पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस और जेल प्रशासन बंदी की तलाश कर रहे हैं। सुबह हाजिरी के दौरान पता चला खुली जेल के प्रभारी और प्रहरी राहुल चंदेला ने बीछवाल पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि हिसार के सैनियान मोहल्ले का रहने वाला बंदी डिम्पी उर्फ सैंकी माली अदालत से सजा मिलने के बाद खुली जेल में शिफ्ट किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, 21 अक्टूबर की सुबह बंदियों की गिनती और हाजिरी लगाई गई तो डिम्पी उर्फ सैंकी गैरहाजिर मिला। इसके बाद उसकी तलाश की गई, लेकिन वह खुली जेल में कहीं नहीं मिला। आशंका है कि वह 20 अक्टूबर की रात को ही जेल से बाहर निकल गया और वापस नहीं लौटा। अच्छे व्यवहार पर खुली जेल में किया जाता है शिफ्ट आमतौर पर अच्छे व्यवहार वाले बंदियों को बीकानेर के केंद्रीय कारागार से खुली जेल में शिफ्ट किया जाता है। यहां बंदी दिन में बाहर जाकर आम जिंदगी की तरह रह सकते हैं और मजदूरी का काम भी करते हैं। हालांकि, उन्हें रात खुली जेल में ही गुजारनी होती है। इसी व्यवस्था के तहत डिम्पी उर्फ सैंकी माली को भी खुली जेल में रखा गया था। उसके गैरहाजिर मिलने के बाद बीछवाल पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस और जेल प्रशासन उसकी तलाश में जुटे हैं।

