बिलासपुर में बिना वैध दस्तावेजों के रह रहे संदिग्ध लोगों की पहचान और दस्तावेजों के सत्यापन के लिए चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को अहम जानकारी मिली है। सिरगिट्टी क्षेत्र में रह रहे 23 लोगों के दस्तावेजों में पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद और आसपास के इलाकों के पते दर्ज मिले। इन पतों की वास्तविकता जांचने के लिए बिलासपुर पुलिस की विशेष टीम पश्चिम बंगाल पहुंची। टीम ने मुर्शिदाबाद और जंगीपुर इलाके में संबंधित थाना प्रभारियों और स्थानीय पुलिस से संपर्क कर दस्तावेजों में दर्ज पतों और संबंधित लोगों के बारे में जानकारी जुटाई। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान कुछ पते मौके पर सही नहीं मिले। जबकि कुछ मामलों में संबंधित व्यक्तियों की जानकारी दस्तावेजों से मेल नहीं खाई। शासन के निर्देश पर बनाई गई विशेष टास्क फोर्स राज्य शासन के निर्देश के बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने संदिग्ध लोगों की पहचान और दस्तावेजों के सत्यापन के लिए विशेष टास्क फोर्स गठित की है। टीम ने बिलासपुर के अलग-अलग क्षेत्रों में रह रहे लोगों के दस्तावेज और उनके मूल निवास से जुड़ी जानकारी जुटानी शुरू की। सिरगिट्टी क्षेत्र में जांच के दौरान 23 लोगों के दस्तावेजों में पश्चिम बंगाल के पते मिले। इन पतों की पुष्टि के लिए बिलासपुर पुलिस ने संबंधित जिलों की पुलिस से सत्यापन कराया। इसके बाद विशेष टीम खुद मुर्शिदाबाद और जंगीपुर पहुंची। स्थानीय पुलिस से भी कराया गया सत्यापन पश्चिम बंगाल पहुंची बिलासपुर पुलिस की टीम ने स्थानीय पुलिस अधिकारियों और संबंधित थाना प्रभारियों से मुलाकात की। टीम ने संदिग्धों के दस्तावेज, पते और उनसे जुड़ी जानकारी स्थानीय पुलिस के साथ साझा की। स्थानीय स्तर पर की गई जांच में कुछ पते गलत या दस्तावेजों में दर्ज जानकारी से मेल नहीं खाते पाए गए। अब पुलिस संबंधित लोगों की वास्तविक पहचान, मूल निवास और बिलासपुर में रहने के लिए इस्तेमाल किए गए दस्तावेजों की जांच कर रही है। सत्यापन पूरा होने तक रायपुर डिटेंशन सेंटर भेजे गए 23 लोग शुरुआती जांच और दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया के बाद सिरगिट्टी क्षेत्र में रह रहे इन 23 संदिग्धों को रायपुर स्थित होल्डिंग/डिटेंशन सेंटर भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक, यहां उनकी पहचान और दस्तावेजों का आगे सत्यापन किया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद ही इन लोगों की नागरिकता और अन्य कानूनी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने टोल फ्री नंबर जारी पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों अथवा बिना वैध दस्तावेजों के किसी व्यक्ति के रहने की जानकारी देने के लिए 1800-233-1905 टोल फ्री नंबर जारी किया है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर इस नंबर पर सूचना दें। पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

