झज्जर जिले के गांव मोर्खेड़ी निवासी अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता एवं भीम अवॉर्डी निशानेबाज मनोज कुमार ओहल्यान को एक बार फिर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। आगामी एशियन गेम्स के लिए उन्हें भारतीय निशानेबाजी टीम के 50 मीटर राइफल इवेंट का हेड कोच नियुक्त किया गया है। यह दूसरी बार है जब मनोज कुमार इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारतीय 50 मीटर राइफल टीम की कमान बतौर हेड कोच संभालेंगे। नियुक्ति की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है। मनोज कुमार बेरी स्थित मां बेरी वाली के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंचे। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि मां बेरी वाली उनकी कुलदेवी हैं। परिवार की खुशहाली और समृद्धि के लिए वे नियमित रूप से मां के दरबार में आकर आशीर्वाद लेते हैं। खिलाड़ी के रूप में देश को दिलाया स्वर्ण पदक मनोज कुमार का खिलाड़ी से लेकर हेड कोच तक का सफर शानदार रहा है। वर्ष 2005 में उन्होंने गगन नारंग के साथ भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रमंडल खेलों में देश के लिए स्वर्ण पदक हासिल किया था। इसके बाद 2006 एशियन चैंपियनशिप में उन्होंने गगन नारंग और ओलंपिक चैंपियन अभिनव बिंद्रा के साथ भारतीय टीम के लिए पदक जीतने में अहम भूमिका निभाई। निशानेबाजी में उनके योगदान को देखते हुए हरियाणा सरकार ने उन्हें प्रदेश के प्रतिष्ठित भीम अवॉर्ड से सम्मानित किया। पुलिस इंस्पेक्टर की नौकरी छोड़ चुना कोच बनने का रास्ता मनोज कुमार को खेलों में शानदार प्रदर्शन के आधार पर सरकार की ओर से पुलिस इंस्पेक्टर के पद का ऑफर भी मिला था। हालांकि उन्होंने सरकारी नौकरी का रास्ता चुनने के बजाय युवा निशानेबाजों को तैयार करने का फैसला किया। उन्होंने बतौर कोच देश के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के निशानेबाज तैयार करने का संकल्प लिया। 2014 से 2019 तक वे भारतीय निशानेबाजी टीम के कोच रहे, जबकि वर्ष 2019 से लगातार भारतीय टीम के हेड कोच की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। हांगझोऊ एशियन गेम्स में खिलाड़ियों ने जीते थे 5 पदक वर्ष 2023 में हांगझोऊ एशियन गेम्स में भी मनोज कुमार भारतीय 50 मीटर राइफल टीम के हेड कोच थे। उनके मार्गदर्शन में भारतीय निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 पदक अपने नाम किए थे। इनमें सिफ्ट कौर समरा का विश्व रिकॉर्ड के साथ व्यक्तिगत स्वर्ण पदक, पुरुष टीम का स्वर्ण पदक, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर का व्यक्तिगत रजत पदक, महिला टीम का रजत पदक और आशी चौकसी का व्यक्तिगत कांस्य पदक शामिल था। विश्व चैंपियनशिप में भी दिला चुके हैं स्वर्ण मनोज कुमार के मार्गदर्शन में भारतीय टीम ने वर्ष 2023 विश्व निशानेबाजी चैंपियनशिप में भी शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय पुरुष 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था। बोले- पिछले प्रदर्शन से बेहतर करने का लक्ष्य अपनी नियुक्ति पर मनोज कुमार ने कहा कि यह जिम्मेदारी नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया और भारतीय खेल प्राधिकरण के विश्वास के कारण मिली है। उनका लक्ष्य आगामी एशियन गेम्स में पिछले प्रदर्शन को और बेहतर करना है। उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों को अधिक से अधिक पदक दिलाने के लिए पूरी मेहनत की जाएगी। मनोज कुमार की इस उपलब्धि पर गांव मोर्खेड़ी सहित झज्जर, रोहतक और पूरे हरियाणा के खेल प्रेमियों ने खुशी जताई है। ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि प्रदेश के युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित करेगी।

