बिलासपुर में स्मार्ट सिटी द्वारा बनाई गई करोड़ों की स्मार्ट रोड को रात के अंधेरे में एक्सीवेटर से खोद दिया गया। इस मामले ने तूल पकड़ लिया है। नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने कहा है कि रिपोर्ट मिलने के बाद सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में एफआईआर दर्ज की जाएगी। जोन क्रमांक 3 ने इस मामले में नोटिस भी जारी किया है। 7 सितंबर को जोन क्रमांक 3 के कमिश्नर ने मिनोचा कॉलोनी निवासी जगजीत सिंह मक्कड़ को नोटिस जारी किया। इसमें नर्मदा नगर मुख्य मार्ग पर मिनोचा कॉलोनी पेट्रोल पंप के सामने बनी नई डामर सड़क को नुकसान पहुंचाने पर जवाब मांगा गया है। नोटिस में मक्कड़ पर सड़क खोदने का सीधा आरोप है, जिससे आवागमन और ट्रैफिक पर असर पड़ रहा है। उन्हें 24 घंटे के अंदर अपने खर्चे पर सड़क को पहले जैसा ठीक करने का आदेश दिया गया है। जोन कमिश्नर ने चेतावनी दी है कि अगर ऐसा नहीं किया गया, तो नियमों के हिसाब से कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि यह सड़क तत्कालीन कमिश्नर कुणाल दुदावत के समय बनाई गई थी। मिनोचा कॉलोनी से उस्लापुर फ्लाईओवर ब्रिज तक अतिक्रमण हटाकर नगर निगम की जमीन पर स्मार्ट सिटी फंड से इसका निर्माण हुआ था। पहले स्टेशन जाने के लिए सिर्फ एक संकरी सड़क थी, लेकिन नई सड़क बनने से लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत मिली है।

