बिलासपुर के सरकंडा स्थित देवकीनंदन दीक्षित मुक्तिधाम से लगे अटल आवास में रविवार देर रात आग लग गई। आग की चपेट में आने से 5 बाइक जलकर खाक हो गईं। दहशत में महिलाएं और बच्चे छत से कूद गए। हादसे में एक युवक का पैर फ्रैक्चर हो गया, जिसे एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। अटल आवास के 24 ब्लॉक में 75 से ज्यादा लोग मौजूद थे। आग और धुएं के बीच फंसे लोगों को स्थानीय युवकों ने रस्सी और साड़ी के सहारे बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस और नगर सेना के आपदा प्रबंधन दल को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने बिजली सप्लाई बंद कराई, जिसके बाद रेस्क्यू शुरू किया गया। दमकल की मदद से आग पर काबू पाया गया। मदद के लिए चिल्लाती रहीं महिलाएं आग लगने के बाद अटल आवास परिसर में तेज लपटें उठने लगीं और धुएं का गुबार फैल गया। यह देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। जबकि महिलाएं और बच्चे दहशत में आ गए। वे बाहर निकलने का रास्ता तलाशते हुए मदद के लिए चिल्लाने लगे। रस्सी और साड़ी के सहारे लोगों को निकाला बाहर आग लगने के बाद वहां खड़ी पांच बाइक इसकी चपेट में आ गईं। बाइक के पेट्रोल और टायर तक आग पहुंचने से पटाखों जैसी आवाजें आने लगीं। इससे रहवासियों में दहशत फैल गई। स्थानीय युवक मिक्की मिश्रा ने अपने साथियों के साथ मिलकर महिलाओं और बच्चों को रस्सी और साड़ी के सहारे बाहर निकाला। सूचना मिलने पर टीआई प्रदीप आर्या के साथ सरकंडा और सिविल लाइन के सीएसपी भी मौके पर पहुंचे। दहशत में छत से कूदे महिलाएं और बच्चे आग की लपटें तेज होने के साथ धुआं ऊपर तक फैलने लगा। इस दौरान कुछ रहवासी कमरों में चादर ओढ़कर छिप गए और सुरक्षित बाहर निकलने का रास्ता तलाशने लगे। स्थानीय युवक छत पर पहुंचे और लोगों को बाहर निकालने में जुट गए। आग और धुएं से घबराकर कई लोग छत से कूद गए। इस दौरान एक युवक का पैर फ्रैक्चर हो गया। उसे एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका बताया जा रहा है कि जिस जगह बाइक खड़ी थीं, वहीं रहवासियों के बिजली मीटर और कनेक्शन लगे हैं। रात में अचानक चिंगारी उठी और धुआं फैलने लगा। आशंका है कि शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी नीचे खड़ी बाइक तक पहुंच गई, जिससे आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते पांच बाइक जलने लगीं। बिजली सप्लाई बंद कराकर शुरू किया रेस्क्यू TI प्रदीप आर्या ने बताया कि रविवार रात करीब एक बजे मुक्तिधाम से लगे अटल आवास में आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद पेट्रोलिंग टीम को मौके पर भेजा गया। साथ ही नगर सेना के आपदा प्रबंधन दल को सूचना देकर दमकल बुलाई गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने सबसे पहले बिजली सप्लाई बंद कराई। इसके बाद रेस्क्यू शुरू किया गया। दमकल की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। 24 ब्लॉक में 75 से ज्यादा लोग थे मौजूद अटल आवास के 24 ब्लॉक में 75 से ज्यादा लोगों की मौजूदगी के कारण आग फैलने का खतरा बढ़ गया था। आग दूसरे हिस्सों तक पहुंचती तो कई रहवासी इसकी चपेट में आ सकते थे। स्थानीय लोगों की मदद और पुलिस की कार्रवाई से रहवासियों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद मिली। दमकल देर से पहुंचने का रहवासियों ने लगाया आरोप रहवासियों के मुताबिक, पुलिस को सूचना देने के बाद भी दमकल के पहुंचने में देरी हुई। आग लगने के दौरान लोगों को खुद ही बाहर निकलने और दूसरों को सुरक्षित निकालने की कोशिश करनी पड़ी। आग बुझने के बाद भी रहवासी घरों में लौटने की हिम्मत नहीं जुटा पाए।

