शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में हो रही अनियंत्रित व अघोषित बिजली कटौती से त्रस्त होकर शिरोमणि अकाली दल ने बुधवार को जगराओं के बिजली विभाग के कार्यालय के बाहर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक एसआर कलेर की अगुवाई में जमा हुए पार्टी कार्यकर्ताओं ने पंजाब सरकार और बिजली प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। धरने को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक एसआर कलेर ने आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिस सरकार को यह बुनियादी समझ नहीं है कि गर्मियों में बिजली की मांग और खपत बढ़ जाती है, वह राज्य का शासन कैसे चला सकती है। सरकार ने एक सब स्टेशन भी स्थापित नहीं किया उन्होंने आरोप लगाया कि मान सरकार ने अपने कार्यकाल में न तो कोई नया थर्मल प्लांट लगाया है और न ही एक भी नया सब-स्टेशन स्थापित किया है। कलेर ने तंज कसते हुए कहा कि सरकार का ध्यान सिर्फ स्कूलों पर पेंट करवाकर प्रचार करने और ड्रामेबाजी पर है, जबकि धरातल पर बिजली व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। किसानों और आम जनता की बदहाली का मुद्दा उठाया अकाली नेता ने कहा कि खेती के लिए समय पर और पूरी बिजली न मिलने से किसान बुरी तरह परेशान हैं, वहीं भीषण गर्मी में घरेलू कटों से आम नागरिक बेहाल हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री के पुराने बयानों को याद दिलाते हुए कहा कि चुनाव से पहले कहा जाता था कि बिजली ‘चपका भी नहीं मारेगी’, लेकिन आज स्थिति यह है कि जनता को केवल कटों का ही सामना करना पड़ रहा है। अकाली सरकार के दौर से की तुलना एसआर कलेर ने शिरोमणि अकाली दल के शासनकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय पंजाब को बिजली सरप्लस राज्य बनाया गया था और 24 घंटे निर्बाध बिजली सप्लाई की जाती थी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर बिजली विभाग ने तुरंत आपूर्ति में सुधार नहीं किया और कटों का सिलसिला बंद नहीं किया, तो अकाली दल आम जनता को साथ लेकर अपने संघर्ष को और अधिक तेज करेगा।

