ग्लोबल कैथोलिक कांग्रेस ने बाल विवाह प्रथा को दुनिया भर में 2030 तक खत्म करने के लिए नागरिक संगठनों के नेटवर्क ‘जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन’ की ओर से शुरू किए गए ‘बाल विवाह मुक्त विश्व’ अभियान का समर्थन किया है। ग्लोबल कैथोलिक कांग्रेस में 44 देशों के प्रमुख नेता शामिल हैं। इटली की राजधानी रोम में आयोजित ग्लोबल कैथोलिक कांग्रेस के शिखर सम्मेलन में समर्थन की घोषणा की गयी।
इस सम्मेलन में भारत, अमेरिका, कनाडा, अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, सिंगापुर, मध्य पूर्व और यूरोप सहित कई देशों के कैथोलिक धर्मगुरु, आर्चबिशप, बिशप और अन्य नेता शामिल हुए। सम्मेलन में शामिल प्रतिनिधियों ने अपने-अपने समुदायों में बाल विवाह के खिलाफ लड़ने का संकल्प भी लिया। ग्लोबल कैथोलिक कांग्रेस के अध्यक्ष राजीव कोचुपरम्बिल ने कहा कि बाल विवाह खत्म करना सभी की सामूहिक नैतिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने परिवारों, समुदायों और धार्मिक संस्थाओं से बच्चों की सुरक्षा के लिए मिलकर काम करने की अपील की। कोचुपरम्बिल ने कहा, “ग्लोबल कैथोलिक कांग्रेस में 44 देशों के सदस्यों का समर्थन बच्चों की सुरक्षा और ऐसी दुनिया बनाने के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जहां किसी भी बच्चे का बचपन विवाह के कारण न छिने।”
उन्होंने कहा, “हमें इस प्रतिबद्धता को ठोस कार्रवाई में बदलना होगा और 2030 तक बाल विवाह मुक्त विश्व बनाने के लिए मिलकर काम करना होगा।”

