बालोद में शिक्षक ने बेलचे से छात्रों को पीटा:विश्वकर्मा जयंती पर विवाद, 5 छात्रों ने जान से मारने की धमकी का आरोप लगाया, FIR दर्ज

बालोद में शिक्षक ने बेलचे से छात्रों को पीटा:विश्वकर्मा जयंती पर विवाद, 5 छात्रों ने जान से मारने की धमकी का आरोप लगाया, FIR दर्ज

बालोद जिले के दल्लीराजहरा के सरकारी ITI में विश्वकर्मा जयंती कार्यक्रम के दौरान शिक्षक पर पांच छात्रों से मारपीट करने का आरोप लगा है। शिकायत के आधार पर राजहरा पुलिस ने शिक्षक फनील साहू के खिलाफ BNS की धारा 115(2), 296 और 351(3) के तहत FIR दर्ज की है। छात्रों का आरोप है कि शिक्षक ने लोहे के बेलचे से मारपीट की और धमकी भी दी। घटना के बाद छात्रों के परिजनों ने ITI पहुंचकर हंगामा किया और फिर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पानी पीने जाने पर शुरू हुआ विवाद FIR के अनुसार, घटना 17 सितंबर की है। ITI में विश्वकर्मा जयंती के लिए सार्वजनिक भंडारे की तैयारी चल रही थी। सुबह करीब 9 बजे से खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान करीब 11:30 बजे वेल्डर प्रथम वर्ष का छात्र गजेंद्र साहू पानी पीने के लिए कक्षा में गया। शिकायत के मुताबिक, वापस लौटने पर बरामदे में शिक्षक फनील साहू ने उससे काम छोड़कर जाने को लेकर सवाल किया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर शिक्षक ने गाली-गलौज करते हुए लोहे के बेलचे से मारपीट शुरू कर दी। इसमें गजेंद्र के बाएं हाथ की कलाई के पास चोट आई। ‘आज किसी को नहीं छोड़ूंगा’, फिर छात्रों को दौड़ाया शिकायतकर्ता के अनुसार, शिक्षक ने अन्य छात्रों को भी गालियां दीं और “आज किसी को नहीं छोड़ूंगा” कहते हुए बेलचा लेकर उन्हें दौड़ाया। बीच-बचाव करने आए नमन खोब्रागढ़े, सूरज रंगारी, देवेंद्र निषाद और युवराज साहू के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। FIR के मुताबिक, इस दौरान नमन और देवेंद्र की कमर, सूरज के हाथ और युवराज की दाहिनी जांघ में चोट आई। इसके बाद पांचों छात्र अपने परिजनों के साथ राजहरा थाने पहुंचे। परिजनों ने ITI में किया हंगामा छात्रों को चोट लगने की जानकारी मिलने के बाद उनके परिजन ITI पहुंचे। वहां विवाद और हंगामे की स्थिति बन गई। छात्रों ने शिक्षक पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया। 3 धाराओं में FIR, पुलिस कर रही जांच राजहरा CSP विकास पाटले ने बताया कि छात्रों की शिकायत के आधार पर शिक्षक फनील साहू के खिलाफ BNS की धारा 115(2), 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *