विदिशा शहर को सोमवार को लंबे इंतजार के बाद अच्छी बारिश से राहत मिली। सावन के आखिरी सोमवार को दोपहर बाद आसमान में काली घटाएं छा गईं और तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हुई। दोपहर में करीब एक घंटे से अधिक समय तक कभी तेज तो कभी मध्यम बारिश होती रही। कुछ देर रुकने के बाद दोबारा झड़ी लगी, जिससे शहर की सड़कें पानी से भर गईं। बारिश के दौरान जर्जर सड़कों और गड्ढों वाले इलाकों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। गड्ढों में पानी भर जाने से दोपहिया वाहन चालकों को रास्ता निकालने में दिक्कत हुई। सड़क से गुजर रहे राहगीरों के कपड़ों पर वाहनों के पहियों से गंदा पानी उछला। कई निचले इलाकों में भी पानी जमा होने से असुविधा हुई। कलेक्टर कार्यालय के दैनिक वर्षा आंकड़ों के अनुसार, 24 अगस्त को जिले में औसतन 9.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसमें लटेरी में सर्वाधिक 59 मिमी वर्षा हुई। लटेरी में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज
कुरवाई में 12 मिमी, बासौदा और ग्यारसपुर में 8-8 मिमी, सिरोंज में 5 मिमी, तथा गुलाबगंज और नटेरन में 1-1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। हालांकि, विदिशा, शमशाबाद और पठारी में सरकारी वर्षामापी में कोई बारिश दर्ज नहीं हुई। इस बारिश के बाद 1 जून से अब तक जिले में कुल औसत वर्षा 612.4 मिमी तक पहुंच गई है। जिले की सामान्य वार्षिक वर्षा 1075.50 मिमी है। इन आंकड़ों के अनुसार, जिले में अभी भी सामान्य वर्षा से लगभग 463 मिमी की कमी बनी हुई है। सीजन में अब तक सर्वाधिक बारिश लटेरी में 864.6 मिमी दर्ज की गई है। इसके बाद बासौदा में 748.8 मिमी, पठारी में 686.6 मिमी, नटेरन में 627 मिमी, सिरोंज में 599 मिमी, ग्यारसपुर में 583 मिमी, शमशाबाद में 555 मिमी, कुरवाई में 564.2 मिमी, विदिशा में 541 मिमी और गुलाबगंज में 355 मिमी बारिश हुई है। 26 अगस्त को भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन जिले में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। वहीं 26 अगस्त को जिले में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। ऐसे में सोमवार को हुई बारिश के बाद लोगों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में मानसून और सक्रिय होगा और बारिश की कमी कुछ हद तक पूरी हो सकेगी।

