बाराबंकी शहर के स्टेशन रोड इलाके में शुक्रवार देर शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मीट की दुकान में करीब 15 फीट लंबा अजगर घुस आया। इस दौरान शराब के नशे में धुत एक युवक ने अजगर को अपने गले में लपेटकर खतरनाक खेल किया, जिसे देखकर लोग सहम गए। बताया गया कि अजगर दुकान में बंधी बकरियों का शिकार करने की फिराक में था। इससे पहले कि वह किसी बकरी को अपनी चपेट में लेता, दुकानदार की नजर उस पर पड़ गई। इसी बीच, सुरेश नाम का एक युवक मौके पर पहुंचा। उसने बिना किसी डर के अजगर को पकड़ लिया। अजगर ने खुद को छुड़ाने की कोशिश में युवक के हाथ से लिपटकर उसे कसना शुरू कर दिया और उसकी हथेली में एक-दो जगह काट भी लिया। हालांकि, अजगर विषैला नहीं होता, इसलिए युवक को जहर का खतरा नहीं था। नशे में धुत होने के बावजूद युवक बिल्कुल नहीं घबराया। उसने करीब 15 फीट लंबे अजगर को अपने दोनों कंधों और गले में माला की तरह लपेट लिया और सरेआम उससे खेलने लगा। युवक की इस हैरतअंगेज हरकत को देखने के लिए मौके पर लोगों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। राहगीर और स्थानीय दुकानदार अपनी सांसें थामे यह पूरा वाकया देखते रहे। काफी देर तक अजगर के साथ यह खतरनाक खेल करने के बाद युवक ने उसे एक बड़े डिब्बे में सुरक्षित बंद किया। बाद में, वह उसे ले जाकर दूर एक नाले में छोड़ आया। अजगर को छोड़ते समय वह गुस्से में करीब तीन फीट तक फन उठाकर खड़ा हो गया। कुछ देर बाद वह नाले की ओर चला गया, तब जाकर स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों ने राहत की सांस ली।


