बाराबंकी के दशहराबाग निवासी अभिनेता आशुतोष सोहन ने अभिनय की दुनिया में एक और उपलब्धि हासिल की है। 18 सितंबर को रिलीज हुई फिल्म ‘दायरा’ में वह अहम भूमिका में नजर आ रहे हैं। क्राइम थ्रिलर फिल्म में करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन मुख्य भूमिकाओं में हैं। आशुतोष फिल्म में बबलू चौबे नाम के खलनायक का किरदार निभा रहे हैं। थिएटर से फिल्मों तक का सफर आशुतोष ने अभिनय के क्षेत्र में पहचान बनाने के लिए करीब 10 साल तक थिएटर, टीवी सीरियल और नाटकों में काम किया। उन्हें रंगमंच का लगभग एक दशक का अनुभव है। उन्होंने लखनऊ स्थित भारतेंदु नाट्य अकादमी से दो साल की थिएटर ट्रेनिंग ली है। इसके अलावा, कोलकाता स्थित एसआरएफटीआई से फिल्म एप्रिसिएशन का कोर्स भी किया है। कई फिल्मों और टीवी प्रोजेक्ट्स में कर चुके हैं काम आशुतोष अब तक कई प्रोजेक्ट्स का हिस्सा रह चुके हैं। उनकी लघु फिल्म ‘जान जिगर’ वूट सेलेक्ट पर उपलब्ध है, जिसे अनुराग कश्यप ने पेश किया था। वह टीवीएफ पर उपलब्ध शॉर्ट फिल्म ‘चोजेन फ्यू’ में भी नजर आए। उनकी अन्य फिल्मों में ‘शुबॉक्स’ और ‘हुरदंग’ शामिल हैं। टीवी की दुनिया में उन्होंने एंड टीवी के सीरियल ‘जात न पूछो प्रेम की’, ‘मौका-ए-वारदात’ और स्टार प्लस के ‘तोड़ कर दिल मेरा’ जैसे प्रोजेक्ट्स में काम किया है। न्याय और कानून व्यवस्था के सवालों के बीच घूमती है कहानी ‘दायरा’ एक सच्ची घटना पर आधारित क्राइम थ्रिलर फिल्म है। इसकी कहानी एक महिला के साथ दुष्कर्म और हत्या के बाद हुई पुलिस मुठभेड़ के इर्द-गिर्द घूमती है। मुठभेड़ के बाद एक एसीपी राष्ट्रीय हीरो बन जाता है, लेकिन घटना को लेकर न्याय और कानून व्यवस्था पर सवाल उठते हैं। मामले की जांच एक महिला आईपीएस अधिकारी को सौंपी जाती है। जांच के दौरान वह आधिकारिक कहानी में कई गड़बड़ियां सामने लाती है। बाराबंकी के आशुतोष सोहन के लिए बड़े कलाकारों के साथ इस फिल्म का हिस्सा बनना उनके करीब एक दशक लंबे अभिनय-सफर और रंगमंच के अनुभव का अहम पड़ाव है।

