बारां में भाजपा महिला प्रत्याशी और पति गायब:मतदान के लिए घर से निकले थे-वापस नहीं लौटे, परिजनों ने किडनैप की दर्ज कराई शिकायत

बारां में भाजपा महिला प्रत्याशी और पति गायब:मतदान के लिए घर से निकले थे-वापस नहीं लौटे, परिजनों ने किडनैप की दर्ज कराई शिकायत

बारां नगरपरिषद चुनाव में मतदान खत्म होने के कुछ घंटे बाद वार्ड 16 की भाजपा प्रत्याशी अंतिमा यादव और उनके पति संजय यादव लापता हो गए। परिजनों ने अज्ञात लोगों के खिलाफ उनके किडनैप का आरोप लगाते हुए कोतवाली थाने में मामला दर्ज कराया है। यह वार्ड नंबर 16 महिला के लिए आरक्षित है। परिजनों ने बताया कि अंतिमा और संजय बुधवार को मतदान के लिए घर से निकले थे, लेकिन उसके बाद वे वापस नहीं लौटे।
परिजनों ने उनकी तलाश की तो पता चला कि कुछ अज्ञात लोग दोनों को अपने साथ ले गए हैं। इसके बाद गुरुवार को कोतवाली थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ किडनैप का मुकदमा दर्ज कराया गया। सास ने बहू और बेटे के किडनैप की दी रिपोर्ट
पुलिस के मुताबिक, अंतिमा यादव की सास अंगुरी बाई ने रिपोर्ट में बताया कि बुधवार को उनकी बहू अंतिमा यादव और बेटा संजय यादव आंबेडकर भवन स्थित मतदान केंद्र पर गए थे। मतदान के बाद दोनों के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी देर तक कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिजनों ने आसपास पूछताछ की। पूछताछ के दौरान कुछ लोगों से पता चला कि बुधवार शाम अज्ञात लोग अंतिमा यादव और संजय यादव को अपने साथ ले गए थे। पुलिस जांच में जुटी
इसके बाद परिजन थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी जानकारी दी। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट दर्ज कराने के दौरान अंतिमा यादव की मां कृष्णा बाई भी कोतवाली थाने पहुंचीं। बेटी और दामाद के अचानक लापता होने से उनका परिवार भी चिंता में है।
मतदान के ठीक बाद भाजपा प्रत्याशी और उनके पति के लापता होने की इस घटना ने चुनावी माहौल में भी हलचल मचा दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *