बाबा नीब करौरी की पैतृक संपत्ति पर कब्जे की शिकायत:ट्रस्ट ने 20 दिन बाद भी नहीं दिया जवाब, छह पौत्रियों ने तहसीलदार को सौंपा जवाब

बाबा नीब करौरी की पैतृक संपत्ति पर कब्जे की शिकायत:ट्रस्ट ने 20 दिन बाद भी नहीं दिया जवाब, छह पौत्रियों ने तहसीलदार को सौंपा जवाब

फिरोजाबाद में बाबा नीब करौरी महाराज की छह पौत्रियों की ओर से उनके पैतृक मकान और डाक बंगलिया पर कब्जे को लेकर शिकायत की गई। इस मामले में श्री हनुमान ट्रस्ट की ओर से 20 दिन बाद भी जवाब नहीं दिया गया है। पौत्रियों ने ट्रस्ट पर गलत तरीके से कब्जा करने का आरोप लगाया था। डीएम के निर्देश पर 31 अगस्त को दोनों पक्षों को नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया था। बाबा नीब करौरी महाराज की जन्मस्थली टूंडला तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत नागऊ के मजरा अकबरपुर में है। यहां बाबा का पैतृक मकान, डाक बंगलिया और एक मंदिर बना हुआ है। फिलहाल पूरी जमीन की देखरेख श्री हनुमान ट्रस्ट कर रहा है।

17 अगस्त को भावना रावत के पति मनोज रावत ने डीएम संतोष कुमार शर्मा से मुलाकात की थी। उनके साथ बाबा की छह पौत्रियां भावना रावत, सुनीला शर्मा, अर्चना शर्मा, वंदना शर्मा, ऋतु तिवारी और रिचा रावत भी थीं। उन्होंने सभी पौत्रियों के हस्ताक्षर वाला शिकायती पत्र डीएम को दिया था।
मनोज रावत ने बाबा के पैतृक मकान और डाक बंगलिया पर कब्जा वापस दिलाने की मांग की थी। उनका कहना था कि बाबा की पैतृक संपत्ति किसी ट्रस्ट या व्यक्ति को दान नहीं दी गई है। इसके बाद डीएम ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर दोनों पक्षों को नोटिस भेजकर जवाब लेने के निर्देश दिए थे। पौत्रियों ने 7 सितंबर को अपना जवाब तैयार कर तहसीलदार टूंडला को सौंप दिया था। इसे डीएम कार्यालय भेज दिया गया है। वहीं, ट्रस्ट की ओर से अभी तक कोई जवाब नहीं आया है। तहसीलदार टूंडला देवानंद तिवारी ने बताया कि उनके पास अभी सिर्फ पौत्रियों का जवाब आया है। ट्रस्ट की ओर से कोई जवाब नहीं मिला है। जवाब आने के बाद उसे उच्चाधिकारियों को भेज दिया जाएगा। ट्रस्ट के सचिव संजय गुप्ता से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *