बाढ़ में डूबे मकान में पेंटर का शव मिला:कानपुर में दो दिन से लापता था, मां रिश्तेदार के घर पर थी

बाढ़ में डूबे मकान में पेंटर का शव मिला:कानपुर में दो दिन से लापता था, मां रिश्तेदार के घर पर थी

कानपुर के नवाबगंज थाना क्षेत्र के उजियारीपुरवा में बाढ़ के पानी में डूबे मकान के बरामदे में गुरुवार सुबह (32 )वर्षीय पुताई कारीगर का शव उतराता मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान संजय उर्फ लाला के रूप में हुई। वह करीब 10 साल से मकान मालिक श्यामबाबू उर्फ पाजी के मकान में अपनी मां तारा देवी के साथ रह रहा था। हादसे के समय उसकी मां लालबंगला में अपने चचेरे भाई के घर रह रही थी और संजय मकान में अकेला था। परिजनों ने कमरे में तार लगाने के दौरान करंट की चपेट में आने से मौत होने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। मकान मालिक श्यामबाबू ने बताया कि क्षेत्र में करीब 15 दिनों से बाढ़ का पानी भरा है। सैकड़ों मकान जलमग्न हैं और लोग छतों पर रहने को मजबूर हैं। बाढ़ के चलते संजय की मां तारा देवी भी लालबंगला स्थित अपने चचेरे भाई के घर चली गई थीं। संजय अकेले मकान में रह रहा था। श्यामबाबू के मुताबिक, दो दिन से संजय दिखाई नहीं दे रहा था। उन्होंने उसकी शादीशुदा बहनों मोना और प्रीती के घर भी पता कराया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने बाढ़ के पानी में डूबे मकान के निचले हिस्से में जाकर संजय की तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। उन्होंने इसकी जानकारी संजय की बहन प्रीती के पति शेखर को दी। परिजनों ने संजय के मोबाइल पर फोन किया तो वह स्विच ऑफ मिला। इससे उनकी चिंता और बढ़ गई। गुरुवार सुबह सामने आया शव गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे श्यामबाबू और परिजन सोकर उठे तो मकान के निचले हिस्से के बरामदे में बाढ़ के पानी में संजय का शव उतराता दिखाई दिया। शव देखते ही परिजनों के होश उड़ गए। जिसके बाद मकान मालिक ने तत्काल घटना कि जानकारी परिजनों को देते हुए परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही नवाबगंज थाने का फ़ोर्स मौके पर पहुंचा पुलिस बाढ़ के पानी के बीच लोडर लेकर मकान के बाहर तक पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकलवाया। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। परिजनों ने आशंका जताई कि संजय कमरे में बिजली का तार लगाने या ठीक करने के दौरान करंट की चपेट में आ गया होगा। करंट लगने के बाद वह पानी में गिर गया और उसकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। नवाबगंज थाना प्रभारी राजकेसर ने बताया कि बाढ़ के पानी से भरे मकान के अंदर युवक का शव मिला है। प्रथम दृष्टया करंट की चपेट में आने से मौत की आशंका जताई जा रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *