कोटा में नगर निगम चुनाव से एक दिन पहले पुलिस विभाग को बड़ा झटका लगा। आरके पुरम थाने में तैनात ASI राधेश्याम सांखला (52) की हार्ट अटैक से मौत हो गई। बुधवार से उनकी चुनाव ड्यूटी मोबाइल पार्टी में लगाई गई थी। गुरुवार सुबह ड्यूटी के दौरान अचानक उनके सीने में दर्द हुआ। साथ मौजूद पुलिसकर्मी उन्हें तत्काल निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सांखला की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में शोक की लहर दौड़ गई। साथी पुलिसकर्मियों ने बताया कि सांखला बेहद हंसमुख और मिलनसार स्वभाव के थे। उन्होंने पुलिस सेवा के दौरान कई उल्लेखनीय कार्य किए। ड्यूटी के दौरान उन्होंने चंबल नदी और नहर में डूब रहे तीन-चार लोगों की जान भी बचाई थी। उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें डीजीपी डिस्क से सम्मानित किया जा चुका था। उन्हें गैलेंट्री अवॉर्ड भी मिल चुका था। राधेश्याम सांखला वर्ष 1995 बैच के पुलिसकर्मी थे। उन्होंने कोटा के नयापुरा, दादाबाड़ी, आरके पुरम सहित कई थानों में सेवाएं दीं। उनका मकान बालकुंड इलाके में है। परिवार में पत्नी और तीन बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और दो बेटियां हैं। इनमें एक बेटा और एक बेटी की शादी हो चुकी है। पुलिसकर्मियों ने सांखला के निधन को विभाग के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

