बागपत के माखर गांव में प्राथमिक विद्यालय के जर्जर भवन और खराब व्यवस्था का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले रजत सोलंकी के खिलाफ शनिवार देर शाम दूसरा मुकदमा दर्ज किया गया। इस बार उन पर सरकारी जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया गया है। कार्रवाई के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने मुकदमे को गलत बताते हुए सोमवार को सर्व समाज की जरूरी बैठक बुलाने का फैसला लिया है। बैठक में कई सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों के शामिल होने की चर्चा है। लेखपाल ने दर्ज कराया मुकदमा माखर गांव की लेखपाल ने शनिवार देर शाम बिनौली थाने में रजत सोलंकी के खिलाफ तहरीर दी। आरोप है कि रजत ने सरकारी जमीन पर कब्जा किया है। राजस्व रिकॉर्ड में यह जमीन हड़वारे के रूप में दर्ज बताई गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। 23 अगस्त को स्कूल का वीडियो किया था वायरल इससे पहले 23 अगस्त को रजत सोलंकी ने गांव के प्राथमिक विद्यालय के जर्जर भवन, गंदगी और खराब व्यवस्थाओं का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका भावना तोमर की शिकायत पर रजत के खिलाफ जर्जर भवन की सील तोड़ने और वीडियो बनाकर स्कूल की छवि खराब करने के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। ग्रामीण बोले- बच्चों की सुरक्षा का मुद्दा उठाना अपराध नहीं पहले मुकदमे के विरोध में शुक्रवार को ग्रामीणों ने बैठक की थी। ग्रामीणों ने रजत के खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस लेने की मांग की। सोनवीर सिंह ने कहा कि रजत का मकसद स्कूल की खराब हालत और बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी समस्या को प्रशासन के सामने लाना था। सचिन सोलंकी ने कहा कि स्कूल में गांव के ही बच्चे पढ़ते हैं। जर्जर भवन के कारण यदि कोई हादसा होता तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होती। ग्रामीणों ने कहा कि विद्यालय की कमियां सामने लाना अपराध नहीं है। प्रशासन को स्कूल की व्यवस्थाओं और बच्चों की सुरक्षा पर ध्यान देना चाहिए। रजत बोला- समस्या उठाई तो लगातार केस दर्ज हो रहे रजत सोलंकी ने कहा कि उसने बच्चों की सुरक्षा और गांव की समस्या को लेकर वीडियो बनाया था, ताकि जिला प्रशासन का ध्यान इस ओर जाए। उसे उम्मीद नहीं थी कि समस्या उठाने के बाद उसके खिलाफ लगातार मुकदमे दर्ज किए जाएंगे। रजत ने आरोप लगाया कि उसकी आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन वह चुप नहीं बैठेगा। सोमवार को सर्व समाज की बैठक दूसरा मुकदमा दर्ज होने के बाद ग्रामीणों ने सोमवार को सर्व समाज की जरूरी बैठक बुलाने का फैसला लिया है। ग्रामीणों के अनुसार, बैठक में रजत के खिलाफ हुई कार्रवाई और स्कूल की व्यवस्थाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। बैठक में विभिन्न संगठनों और राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों के शामिल होने की भी चर्चा है।

