बागपत की सिंघावली अहीर पुलिस ने तीन अवैध पटाखा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक पिकअप गाड़ी और भारी मात्रा में प्रतिबंधित पटाखे बरामद हुए हैं। पुलिस ने रविवार सुबह चेकिंग के दौरान इन्हें पकड़ा। तस्करों के पास से 39 प्लास्टिक के कट्टों में भरे अवैध पटाखे मिले हैं। ये पटाखे अलग-अलग जगहों पर बेचने के लिए ले जाए जा रहे थे। तस्करी में इस्तेमाल की गई पिकअप गाड़ी भी जब्त कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहरुख, विपिन और इमरान के रूप में हुई है। शाहरुख और विपिन गाजियाबाद के रहने वाले हैं, जबकि इमरान बागपत कस्बे का निवासी है। थाना प्रभारी सूर्यदीप ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। पुलिस दिवाली से पहले अवैध पटाखों की बिक्री रोकने के लिए लगातार अभियान चला रही है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि प्रतिबंधित पटाखे बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

