शहर के बांसवाड़ा-रतलाम रोड स्थित 5 नंबर क्षेत्र में शनिवार दोपहर बिजली घर और पास के जंगल में भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि उसकी लपटें और काला धुआं दूर से ही दिखाई दे रहा था। गनीमत यह रही कि दमकल कर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, वरना पावर हाउस के ऑयल सेंटर में धमाका होने से बड़ी जनहानि हो सकती थी। कोतवाली थानाधिकारी बुधाराम बिशनोई ने बताया कि आग पर काबू पा लिया है। समय रहते दमकल की गाड़ियों ने मोर्चा संभाल लिया जिससे बड़ा हादसा टल गया। जंगल से शुरू हुई आग बिजली घर तक पहुंची शनिवार दोपहर में 5 नंबर बिजली घर टोल नाके के पास स्थित जंगल में अचानक आग लग गई। तेज हवाओं के कारण लपटों ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और पास ही स्थित बिजली घर के मुख्य हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग की सूचना मिलते ही कोतवाली थानाधिकारी बुधाराम बिश्नोई जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की भयावहता को देखते हुए एडिशनल एसपी नरपत सिंह, डिप्टी गोपीचंद मीणा भी मौके पर पहुंचे। ऑयल सेंटर के पास पहुंची लपटें, टला बड़ा हादसा प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की लपटें तेजी से बिजली घर के ऑयल सेंटर की ओर बढ़ रही थीं। वहां भारी मात्रा में तेल के ड्रम रखे हुए थे। यदि आग वहां तक पहुंच जाती तो जोरदार विस्फोट हो सकता था। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 4 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और मोर्चा संभाला। करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत और कई राउंड पानी डालने के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। दमकल के वाहन व पुलिसकर्मी अभी भी आग बुझा रहे हैं। पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति रही ठप आगजनी के कारण सुरक्षा की दृष्टि से पूरे क्षेत्र की बिजली काट दी गई थी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि पुलिस और बिजली विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।


