प्रतापगढ़ में एसपी जीआरपी ने किया औचक निरीक्षण:थाने की व्यवस्थाओं, शस्त्रों और रेलवे स्टेशन सुरक्षा का जायजा

प्रतापगढ़ में एसपी जीआरपी ने किया औचक निरीक्षण:थाने की व्यवस्थाओं, शस्त्रों और रेलवे स्टेशन सुरक्षा का जायजा

प्रतापगढ़ में शनिवार शाम करीब 6 बजे एसपी जीआरपी रोहित मिश्र ने जीआरपी थाने का औचक निरीक्षण किया। उनके आगमन पर पुलिस बल द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने थाने की व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लेते हुए कार्यप्रणाली की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाने के संपत्ति अभिलेखों की गहन जांच की। उन्होंने अभिलेखों को अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए, साथ ही रिकॉर्ड प्रबंधन में पारदर्शिता और सटीकता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने थाने परिसर में निर्माणाधीन नई बिल्डिंग और जवानों के लिए बनाए जा रहे बैरक का भी निरीक्षण किया। निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, एसपी रोहित मिश्र ने थाने में रखे शस्त्रों की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने उनके रखरखाव एवं सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और कहा कि शस्त्रों की नियमित जांच तथा सही रखरखाव अत्यंत आवश्यक है। निरीक्षण के क्रम में, एसपी ने रेलवे स्टेशन परिसर का भी भ्रमण किया। उन्होंने यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहकर कार्य करने की हिदायत दी। इस दौरान एसपी ने स्टेशन पर मौजूद यात्रियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया। निरीक्षण के समय थानाध्यक्ष पंकज कुमार भास्कर सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *