बांग्लादेश और नेपाल में होगा U-19 महिला T20 वर्ल्डकप, खिताब के लिए भिड़ेंगी 16 टीमें

बांग्लादेश और नेपाल में होगा U-19 महिला T20 वर्ल्डकप, खिताब के लिए भिड़ेंगी 16 टीमें

U19 T20 World Cup 2027: ICC अंडर-19 महिला T20 विश्व कप 2027 का आगाज अगले साल होगा। बांग्लादेश और नेपाल की संयुक्त मेजबानी में 21 जनवरी से शुरू होने वाले टूर्नामेंट के तीसरे संस्करण में कुल 16 टीमें हिस्सा लेंगी। टूर्नामेंट को चार समूहों में बांटा गया है। प्रत्येक समूह में चार टीमें शामिल होंगी। दोनों देशों के चार मैदानों पर कुल 41 मुकाबले खेले जाएंगे।

भारत ग्रुप-A में शामिल

ICC अंडर-19 महिला T20 विश्व कप 2027 में भारत को ग्रुप-A में शामिल किया गया है। भारत के अलावा इस समूह में आयरलैंड, वेस्टइंडीज और नेपाल की टीमें हैं। ग्रुप-B में दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और समोआ को रखा गया है, जबकि ग्रुप-C में ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, नाइजीरिया और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की टीमें हैं। ग्रुप-D में इंग्लैंड, श्रीलंका, संयुक्त राज्य अमेरिका और स्कॉटलैंड शामिल हैं।

नेपाल और बांग्लादेश के चार मैदानों पर होंगे मुकाबले

ICC अंडर-19 महिला T20 विश्व कप 2027 के मुकाबले नेपाल और बांग्लादेश के चार मैदानों पर खेले जाएंगे। बांग्लादेश में मैच चटग्राम स्थित बीर श्रेष्ठ शहीद फ्लाइट लेफ्टिनेंट मतीउर रहमान क्रिकेट स्टेडियम और सिलहट स्थित सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होंगे। वहीं, नेपाल में मुकाबले काठमांडू के TU इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम और अपर मुलपानी इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में खेले जाएंगे।

टूर्नामेंट के पहले दिन आठ टीमें चार मुकाबलों में हिस्सा लेंगी। इनमें सह-मेजबान बांग्लादेश का सामना UAE से होगा। वहीं, नेपाल की टीम अगले दिन आयरलैंड के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। दूसरी ओर, मौजूदा चैंपियन भारतीय टीम अपने पहले मुकाबले में वेस्टइंडीज से भिड़ेगी।

अंडर-19 भारतीय महिला टीम के मुकाबले

22 जनवरी: भारत बनाम वेस्टइंडीज
24 जनवरी: नेपाल बनाम भारत
26 जनवरी: भारत बनाम आयरलैंड

ग्रुप चरण के मुकाबले 26 जनवरी तक खेले जाएंगे। इसके बाद क्वालीफाई करने वाली टीमें सुपर सिक्स चरण में पहुंचेंगी, जहां उन्हें दो समूहों में बांटा जाएगा। प्रत्येक समूह की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी।

टूर्नामेंट के दोनों सेमीफाइनल 4 फरवरी को खेले जाएंगे, जबकि फाइनल मुकाबला 6 फरवरी को स्थानीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे होगा। सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले बांग्लादेश के बीर श्रेष्ठ शहीद फ्लाइट लेफ्टिनेंट मतीउर रहमान क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। फाइनल के लिए 7 फरवरी को रिजर्व डे निर्धारित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *