इंदौर क्राइम ब्रांच ने सुपर कॉरिडोर के पास से ससुर-दामाद को 254 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त ड्रग्स की अनुमानित कीमत 25 लाख 40 हजार रुपए बताई गई है। दोनों आरोपी मंदसौर से इंदौर में ड्रग्स सप्लाई करने आए थे। शुरुआती पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली है कि आरोपी राजस्थान के सीमावर्ती इलाके से ड्रग्स लेकर आए थे। वे इंदौर में किसे डिलीवरी देने वाले थे, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। 254 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद क्राइम ब्रांच के डीसीपी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि सुपर कॉरिडोर पर बड़ी मात्रा में एमडी ड्रग्स की तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने मौके पर बाइक सवार दो लोगों को रोका और तलाशी ली। उनके पास से 254 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। आरोपियों की पहचान समीर खान निवासी पिपलिया मंडी, मंदसौर और उसके ससुर जाकिर हुसैन निवासी सीतामऊ के रूप में हुई है। पिता की सर्जरी के बाद तस्करी का रास्ता चुना पुलिस के मुताबिक, समीर खान ने पूछताछ में बताया कि उसके पिता की हाल ही में बायपास सर्जरी हुई थी। इस वजह से उस पर काफी कर्ज हो गया था। कर्ज चुकाने और अपने कारोबार में अधिक मुनाफा नहीं होने के कारण उसने अपने ससुर जाकिर हुसैन के साथ मिलकर ड्रग्स तस्करी का रास्ता अपनाया। पुलिस के अनुसार, समीर आठवीं तक पढ़ा है और लहसुन बेचने का काम करता है। वहीं, जाकिर हुसैन 12वीं तक पढ़ा है और टोस्ट का ठेला लगाता है। दोनों का पहले भी रहा है आपराधिक रिकॉर्ड पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। समीर खान को पूर्व में धारा 151 के तहत बंद किया जा चुका है, जबकि जाकिर हुसैन मंदसौर जेल जा चुका है। क्राइम ब्रांच अब यह पता लगा रही है कि आरोपी ड्रग्स कहां से लेकर आए थे और इंदौर में किसे सप्लाई करने वाले थे। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

