बहादुरगढ़ राठी पर दिए बयान पर जून की सफाई:बोले- टिप्पणी किसी व्यक्ति के लिए नहीं, उस दौर के माहौल के संदर्भ में थी

बहादुरगढ़ राठी पर दिए बयान पर जून की सफाई:बोले- टिप्पणी किसी व्यक्ति के लिए नहीं, उस दौर के माहौल के संदर्भ में थी

बहादुरगढ़ में अपनी पुरानी टिप्पणी को लेकर उठे विवाद के बीच पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह जून ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उनकी टिप्पणी किसी व्यक्ति विशेष को निशाना बनाकर नहीं की गई थी, बल्कि उस समय के राजनीतिक और सामाजिक माहौल के संदर्भ में कही गई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। राजेंद्र जून ने कहा कि उनकी टिप्पणी को व्यक्तिगत रूप से लिया जा रहा है, जबकि उसके पीछे उस समय का राजनीतिक संदर्भ था। उन्होंने कहा कि दिवंगत नफे सिंह राठी के परिवार के प्रति उनका पूरा सम्मान है। यदि उनकी किसी बात से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह पहले ही अपना खेद व्यक्त कर चुके हैं। बोले- इस भाषा में जवाब देना मेरे संस्कारों में नहीं पूर्व विधायक ने कहा कि वह किसी व्यक्ति या परिवार को लेकर अभद्र भाषा में जवाब देने में विश्वास नहीं रखते। उन्होंने कहा, मैं इसका जवाब उसी भाषा में नहीं दूंगा। मेरे संस्कार मुझे इसकी इजाजत नहीं देते। उन्होंने कहा कि राजनीति में विचारों और मुद्दों को लेकर मतभेद हो सकते हैं, लेकिन व्यक्तिगत संबंधों और परिवार के सम्मान की मर्यादा बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध को व्यक्तिगत दुश्मनी में नहीं बदलना चाहिए। पुराना विवाद क्या था?
दरअसल, दीपेंद्र हुड्डा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र की मौजूदगी में राजेंद्र जून ने दिवंगत पूर्व विधायक नफे सिंह राठी के लिए राक्षस शब्द का इस्तेमाल किया था। इस टिप्पणी का इनेलो के साथ-साथ नफे सिंह राठी के दोनों बेटों जितेंद्र राठी और भूपेंद्र सिंह राठी ने विरोध किया था। इसके करीब तीन दिन बाद पूर्व विधायक राजेंद्र जून ने इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सफाई दी है। व्यक्तिगत विवाद से ज्यादा बहादुरगढ़ के विकास को प्राथमिकता राजेंद्र जून ने कहा कि उनकी प्राथमिकता व्यक्तिगत विवाद नहीं, बल्कि बहादुरगढ़ का विकास और जनता से जुड़े मुद्दे हैं। उन्होंने राजनीतिक दलों और नेताओं से अपील करते हुए कहा कि राजनीति को व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप से ऊपर उठाकर जनता के मुद्दों पर स्वस्थ बहस की दिशा में ले जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बहादुरगढ़ के विकास, सुविधाओं और जनता की समस्याओं पर चर्चा होनी चाहिए। राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन राजनीतिक संवाद में मर्यादा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। नफे सिंह राठी परिवार के प्रति सम्मान दोहराया राजेंद्र जून ने एक बार फिर कहा कि दिवंगत नफे सिंह राठी के परिवार के प्रति उनके मन में पूरा सम्मान है। उन्होंने कहा कि यदि उनकी पुरानी टिप्पणी से किसी को दुख पहुंचा है तो वह इस पर पहले ही खेद जता चुके हैं। उन्होंने विवाद को आगे बढ़ाने के बजाय राजनीतिक बहस को विकास और जनहित के मुद्दों पर केंद्रित करने की अपील की।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *