बस्ती जिले के वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के गणेशपुर के पास दबंगई का एक वीडियो मंगलवार शाम 7:00 बजे सामने आया है। इसमें कुछ युवक एक व्यक्ति को घेरकर पीटते हुए दिख रहे हैं। मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह पूरी घटना दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जानकारी के अनुसार, गौरा के पास रहने वाले अजय यादव एक दुकान के सामने खड़े थे। इसी दौरान कई युवक वहां पहुंचे और अचानक उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने अजय यादव को घेर लिया और लोहे की रॉड समेत अन्य चीजों से हमला किया। अचानक हुए इस हमले से अजय संभल नहीं पाए और जमीन पर गिर गए। इसके बाद भी हमलावर उन्हें पीटते रहे। मारपीट में अजय यादव के शरीर में गंभीर चोटें आईं। परिजन और स्थानीय लोग उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार चल रहा है। मारपीट की यह पूरी घटना दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। सामने आए वीडियो में कई युवक अजय यादव को घेरकर पीटते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में इस घटना को लेकर चर्चा है। प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेंद्र राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

