जयप्रकाश नगर चौकी क्षेत्र में शनिवार शाम गंगा नदी किनारे महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव पूर्वी भवन टोला स्थित ठोकर के पास मिला। महिला लाल साड़ी पहने थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। देर शाम तक महिला की पहचान नहीं हो सकी थी। शव मिलने की जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जयप्रकाश नगर चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। पुलिस के अनुसार, महिला के दाहिने पैर के निचले हिस्से को जंगली जानवरों ने नोचा था। इससे आशंका है कि शव कुछ समय तक नदी में बहने के बाद किनारे पहुंचा होगा। हालांकि, महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव नदी में कहां से बहकर आया, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। पहचान कराने में जुटी पुलिस पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बलिया भेज दिया। शव को मोर्चरी हाउस में सुरक्षित रखवाया गया है। पुलिस आसपास के थानों से संपर्क कर महिला की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और महिला की पहचान होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।


