बरेली के भमोरा थाना क्षेत्र में सड़क पर लड़ रहे दो सांडों की चपेट में आने से बाइक सवार 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे में उसके साथ बाइक पर सवार 14 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। हादसा बदायूं रोड पर पंजाब नेशनल बैंक के सामने हुआ। दोनों युवक शनिवार रात देवचरा जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर दो सांड आपस में लड़ रहे थे और अचानक बाइक से टकरा गए। नामकरण संस्कार की दावत के लिए सामान लेने निकले थे मृतक की पहचान चकरपुर गांव निवासी 22 वर्षीय ओमकार पुत्र स्वर्गीय बालकराम के रूप में हुई है। वह शनिवार रात अपने 14 वर्षीय साथी अमन के साथ बाइक से देवचरा जा रहा था। बताया गया कि दोनों गांव में पड़ोसी के यहां आयोजित बच्चे के नामकरण संस्कार की दावत के लिए कुछ सामान लेने निकले थे। बदायूं रोड पर पंजाब नेशनल बैंक के सामने पहुंचे तो सड़क पर दो सांड आपस में लड़ रहे थे। सांड अचानक बाइक से टकराए बताया गया कि लड़ते-लड़ते दोनों सांड अचानक सड़क पर बाइक की ओर आ गए और ओमकार की मोटरसाइकिल से टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ओमकार और अमन बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को भमोरा के सरकारी अस्पताल लेकर गए। वहां डॉक्टरों ने ओमकार को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल अमन का इलाज जारी है। माता-पिता की पहले ही हो चुकी थी मौत ग्राम प्रधान प्रमोद कुमार के अनुसार, ओमकार के माता-पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। वह परिवार में अकेला रहता था और उसकी तीन विवाहित बहनें हैं। ओमकार की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

