बड़वानी दिन में तेज धूप और रात में ठंडक का असर अब लोगों की सेहत पर दिखने लगा है। दोपहर में तापमान 35 से 37 डिग्री तक पहुंच रहा है, जबकि सुबह और रात में यह 19 से 21 डिग्री के आसपास रहता है। दिन और रात के तापमान में करीब 12 से 15 डिग्री का अंतर होने से वायरल फीवर, खांसी, जुकाम और बदन दर्द की शिकायतें बढ़ने लगी हैं। ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ी जिला अस्पताल की ओपीडी में इन दिनों रोजाना 550 से 700 मरीज पहुंच रहे हैं। सामान्य दिनों में यह संख्या करीब 300 से 400 रहती है। इन दिनों वायरल फीवर, सर्दी-जुकाम, खांसी और बदन दर्द की शिकायत लेकर आने वाले मरीज ज्यादा हैं। मौसम में लगातार बदलाव के कारण लोगों को दिन में गर्मी और सुबह-रात में ठंडक का सामना करना पड़ रहा है। दिन-रात के तापमान में बड़ा अंतर अक्टूबर के तीसरे हफ्ते में अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 से 21 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया। दोपहर में तेज धूप के कारण गर्मी महसूस होती है, जबकि शाम होते ही वातावरण में ठंडक बढ़ने लगती है। ऐसे में कपड़ों के चयन से लेकर दिनचर्या तक में बदलाव करना पड़ रहा है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी की जरूरत जिला अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार मौसम में बदलाव के दौरान बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। सुबह और रात में बाहर निकलते समय मौसम के अनुसार कपड़े पहनें। पर्याप्त पानी पीएं, साफ-सफाई रखें और आराम करें। बुखार, खांसी या जुकाम के लक्षण बने रहने पर डॉक्टर से सलाह लें। डॉक्टर बोले- जांच के बाद दे रहे दवाइयां जिला अस्पताल के एमडी मेडिसिन डॉ. जोसेफ सुलिया ने बताया कि मौसम में अचानक बदलाव और तापमान में 12 से 15 डिग्री तक के अंतर के कारण बुखार, सर्दी और जुकाम के लक्षण वाले मरीज बढ़ रहे हैं। अस्पताल में मरीजों की बारीकी से जांच की जा रही है। जरूरत के अनुसार ब्लड टेस्ट और अन्य जांचें कराई जा रही हैं। कुछ मरीजों में प्लेटलेट्स कम होने की स्थिति भी सामने आ रही है। जांच के आधार पर मरीजों को दवाइयां दी जा रही हैं।

