बठिंडा में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गांव नसीबपुरा में पुलिस ने सिविल प्रशासन के सहयोग से एक सुनसान और खाली पड़ी इमारत को डेमोलिश कर दिया। पुलिस के मुताबिक, इस इमारत का इस्तेमाल नशा करने वाले लोगों और नशा तस्करों की गतिविधियों के लिए किया जा रहा था। इसे इलाके में ड्रग हॉटस्पॉट के रूप में चिह्नित किया गया था। यह कार्रवाई DSP तलवंडी साबो जसजोत सिंह की अगुवाई में की गई। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि उन स्थानों को भी खत्म करना जरूरी है, जहां नशे के सेवन और तस्करी से जुड़ी गतिविधियां संचालित होती हैं। नशे के सेवन और संदिग्ध गतिविधियों का ठिकाना बनी थी इमारत
पुलिस के अनुसार, गांव नसीबपुरा की यह इमारत लंबे समय से सुनसान पड़ी थी। इसका इस्तेमाल नशे का सेवन करने वाले लोगों और नशा तस्करों के जमावड़े के लिए किया जा रहा था। ऐसे स्थानों के कारण आसपास के क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों की आशंका बनी रहती है। इसी को देखते हुए पुलिस ने सिविल प्रशासन के साथ तालमेल कर इमारत को गिराने की कार्रवाई की। पुलिस का मानना है कि ऐसे ठिकानों को खत्म करने से नशे से जुड़ी गतिविधियों पर अंकुश लगाने और इलाके में सुरक्षा का माहौल बनाने में मदद मिलेगी।
सिर्फ गिरफ्तारी नहीं, नशे के ठिकानों पर भी कार्रवाई
बठिंडा पुलिस के मुताबिक, ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ उन जगहों की पहचान भी की जा रही है, जहां नशे का सेवन या इससे जुड़ी गतिविधियां होती हैं। पुलिस का कहना है कि ऐसे स्थानों को चिह्नित कर संबंधित विभागों के सहयोग से कार्रवाई की जाएगी। इसका उद्देश्य गांवों और शहरी इलाकों में नशे से जुड़े ठिकानों को खत्म करना और युवाओं को इस बुराई से दूर रखना है। पंचायतों और विलेज डिफेंस कमेटियों से मांगा सहयोग
नशे के खिलाफ अभियान को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस गांवों की पंचायतों, विलेज डिफेंस कमेटियों (VDCs), गणमान्य लोगों और आम नागरिकों के साथ संपर्क बनाए हुए है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि उनके आसपास कहीं नशे की बिक्री या इससे संबंधित संदिग्ध गतिविधियां चल रही हों तो इसकी जानकारी पुलिस को दें।
पुलिस का मानना है कि नशे के खिलाफ लड़ाई में समाज की भागीदारी भी जरूरी है। युवाओं को खेलों, शिक्षा और अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के प्रयास किए जाने चाहिए, ताकि उन्हें नशे से दूर रखा जा सके।
पुलिस बोली- अभियान आगे भी रहेगा जारी
बठिंडा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी और नशे से जुड़ी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस के अनुसार, नशे के खिलाफ अभियान का उद्देश्य केवल आरोपियों को गिरफ्तार करना नहीं, बल्कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाकर सुरक्षित और स्वस्थ समाज का निर्माण करना है। पुलिस ने लोगों से इस मुहिम में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में प्रशासन और समाज को मिलकर काम करना होगा।

