बठिंडा में एचआईवी/एड्स की रोकथाम और जागरूकता के क्षेत्र में बेहतर काम के लिए बठिंडा जिले को राज्य स्तरीय सम्मान मिला है। सोमवार को चंडीगढ़ में स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रोजेक्ट MAS (Mobilisation for AIDS Suraksha) के तहत जिले को ‘संघर्षशील’ से ‘सक्षम’ श्रेणी में पहुंचने पर पुरस्कार दिया गया। पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह और एनएचएम की एमडी साक्षी सिन्हा ने यह सम्मान प्रदान किया। बठिंडा की ओर से डीटीओ-कम-डीएसीओ डा. रोजी अग्रवाल ने पुरस्कार प्राप्त किया। पहले तथा तीसरे 95 में बेहतर प्रदर्शन किया कार्यक्रम में उन जिलों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने एचआईवी की रोकथाम और उपचार से जुड़ी सेवाओं में 95-95-95 के लक्ष्यों को हासिल किया और पहले तथा तीसरे 95 में बेहतर प्रदर्शन किया। बठिंडा ने दोनों लक्ष्यों में निर्धारित उपलब्धि हासिल करते हुए यह सम्मान अपने नाम किया। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक जिले में एचआईवी/एड्स को लेकर जागरूकता बढ़ाने के साथ संदिग्ध मामलों की जांच, रोकथाम और संक्रमित मरीजों को उपचार सेवाएं उपलब्ध कराने पर लगातार काम किया जा रहा है। विभाग की टीम और सहयोगी संस्थाओं के प्रयासों से यह उपलब्धि हासिल हुई।
जरूरतमंदों को स्वास्थ्य सेवाएं देना विभाग की प्राथमिकता है
सिविल सर्जन डॉ. तपिंदरजोत ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि एचआईवी/एड्स की रोकथाम के लिए जागरूकता, समय पर जांच और जरूरतमंदों को स्वास्थ्य सेवाएं देना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आगे भी जिले में जागरूकता अभियानों और स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत किया जाएगा। कार्यक्रम में बठिंडा सिविल अस्पताल के ओएसटी और एआरटी सेंटर के चिकित्सा अधिकारी, दिशा क्लस्टर की टीम, आईसीटीसी के काउंसलर तथा सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

