बजाज ऑटो की अगस्त में कुल बिक्री सालाना आधार पर 28 प्रतिशत बढ़कर 5,35,764 इकाई हो गई। अगस्त 2025 में उसने 4,17,616 वाहन बेचे थे। वाहन विनिर्माता कंपनी ने शेयर बाजार को मंगलवार को दी सूचना में बताया कि पिछले महीने उसकी कुल घरेलू बिक्री 10 प्रतिशत बढ़कर 2,55,708 इकाई हो गई जबकि एक साल पहले की समान अवधि में यह 2,32,398 इकाई थी।
बजाज ऑटो के अनुसार, घरेलू बाजार में दोपहिया वाहनों की बिक्री अगस्त 2025 की 1,84,109 इकाइयों से 10 प्रतिशत बढ़कर पिछले महीने 2,01,898 इकाई हो गई। कंपनी ने सूचना में बताया गया कि पिछले महीने दोपहिया वाहनों का निर्यात 53 प्रतिशत बढ़कर 2,41,850 इकाई हो गया जबकि एक साल पहले इसी महीने में यह 1,57,778 इकाई था। अगस्त 2026 में कुल वाणिज्यिक वाहन बिक्री 92,016 इकाई रही जो एक साल पहले इसी महीने की 75,729 इकाइयों से 22 प्रतिशत अधिक है।
वहीं घरेलू बाजार में वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री 11 प्रतिशत बढ़कर 53,810 इकाई हो गई जबकि अगस्त 2025 में यह 48,289 इकाई थी। निर्यात 39 प्रतिशत बढ़कर 38,206 इकाई रहा जो एक साल पहले की समान अवधि में 27,440 इकाई था।

