पुरानी बस्ती पुलिस ने सूने मकान में शटर काटकर लाखों के जेवर और नगदी चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी पुलिस का निगरानी बदमाश है। दोनों ने प्रोफेसर कॉलोनी में मकान सूना पाकर शटर गेट काटा और अंदर घुसकर अलमारी से सोने-चांदी के जेवर, सिक्के और नगदी समेत अन्य सामान चोरी किया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का माल और वारदात में इस्तेमाल बुलेट समेत करीब 3.50 लाख रुपए का सामान बरामद किया है। 27 अगस्त को घर में ताला लगाया, 31 को चोरी का पता चला प्रोफेसर कॉलोनी निवासी मकान मालिक 27 अगस्त को घर में ताला लगाकर बाहर गए थे। 31 अगस्त को घर में काम करने वाली महिला ने फोन कर बताया कि मकान का शटर गेट कटा हुआ है और अंदर सामान बिखरा पड़ा है। इसके बाद मकान मालिक 1 सितंबर को वापस पहुंचे तो चोरी का पता चला। जांच करने पर अलमारी में रखे चांदी के सामान और जेवर, सोने के सिक्के, चेन, ईयररिंग, नोजपिन, ब्रेसलेट, मोती का हार, सैमसंग मोबाइल समेत अन्य सामान गायब मिला। इसके बाद पुरानी बस्ती थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। CCTV में तलाश, पुराने चोरों की कुंडली खंगाली मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और पुरानी बस्ती पुलिस की टीम बनाई गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ मकान मालिक, काम करने वाली महिला और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इलाके में लगे CCTV कैमरों के फुटेज भी खंगाले गए। पुलिस ने चोरी के पुराने मामलों में जेल जा चुके आरोपियों और हाल ही में जेल से बाहर आए बदमाशों की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि पुरानी बस्ती थाने का निगरानी बदमाश भूपेन्द्र पटेल उर्फ गजनी घटना स्थल के आसपास संदिग्ध हालत में देखा गया था। पूछताछ में साथी का नाम बताया पुलिस ने भूपेन्द्र उर्फ गजनी को पकड़कर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने अपने साथी करण ताण्डी के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद करण को भी गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों की निशानदेही पर सोने-चांदी के विभिन्न जेवर, चांदी के सिक्के, नगदी और घटना में इस्तेमाल बुलेट वाहन बरामद किया गया। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 3.50 लाख रुपए बताई गई है। दोनों पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुके पुलिस के अनुसार भूपेन्द्र पटेल उर्फ गजनी पुरानी बस्ती थाने का निगरानी बदमाश है। उसके खिलाफ इसी थाने में नकबजनी और चोरी के 4 मामले पहले से दर्ज हैं और वह इन मामलों में जेल जा चुका है। वहीं करण ताण्डी भी चोरी और नकबजनी के 2 मामलों में पुरानी बस्ती थाने से जेल जा चुका है। गिरफ्तार आरोपी भूपेन्द्र पटेल उर्फ गजनी (26) पिता स्व. रोहित पटेल, निवासी दंतेश्वरी चौक, गोपियापारा, पुरानी बस्ती, रायपुर। करण ताण्डी (24) पिता राजेश ताण्डी, निवासी दंतेश्वरी मंदिर के पीछे, डबरीपारा, कुशालपुर, पुरानी बस्ती, रायपुर।

