सिवनी जिले में अवैध शराब बनाने, लाने-ले जाने और बेचने के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बंडोल पुलिस ने रविवार रात अपने थाना क्षेत्र के अलग-अलग ढाबों पर जांच की। आरोपियों के कब्जे से कुल 18 लीटर शराब जब्त इस कार्रवाई में चार ढाबों पर अवैध रूप से कच्ची और देशी शराब बेचते हुए चार लोगों को पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 18 लीटर शराब जब्त की है, जिसकी कीमत करीब 2,980 रुपए बताई गई है। चार अलग-अलग ढाबों पर दबिश सब इंस्पेक्टर मनोज जंघेला ने बताया कि पुलिस टीम ने बंडोल थाना क्षेत्र के ढाबों और आसपास के इलाकों में गहन चेकिंग की। इस दौरान चार अलग-अलग ढाबों पर शराब की अवैध बिक्री की जानकारी सामने आई। जांच के बाद पुलिस ने चंद्रकुमार मर्सकोले, जगन्नाथ प्रजापति, सुनील अहिरवार और गनाराम यादव को शराब के साथ पकड़ा। ये चारों आरोपी बंडोल थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं। चार आरोपियों पर आबकारी एक्ट में कार्रवाई पुलिस ने मौके से कच्ची और देशी शराब जब्त कर चार अलग-अलग मामले आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज किए हैं। आरोपियों के खिलाफ नियमों के हिसाब से कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि ढाबों और दूसरे सार्वजनिक जगहों पर अवैध शराब बेचने से आसपास के इलाकों में कानून-व्यवस्था के साथ ही सामाजिक दिक्कतें भी बढ़ सकती हैं। इसी को देखते हुए ढाबों, संदिग्ध ठिकानों और शराब बिक्री की शिकायत वाले जगहों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है। पुलिस लगातार चेकिंग जारी है अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार चेकिंग और कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों से भी अपील की है कि अगर उन्हें अवैध शराब की बिक्री या परिवहन की कोई जानकारी मिलती है, तो वे पुलिस को बताएं। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मनोज जंघेला, सहायक सब इंस्पेक्टर शिवेन्द्र वसूले, प्रधान आरक्षक जयेन्द्र बघेल, आरक्षक अंकित चौरसिया और महिला आरक्षक रूकमणी डेहरिया शामिल रहे।

