लुधियाना| 3-3 पुलिस नाकों के सुरक्षा घेरे के बीच बदमाशों ने फॉर्च्यूनर सवार कपड़ा कारोबारी के पेट पर चाकू अड़ाकर लाखों की कीमत के सोने के जेवर और नकदी लूट ली। हैरान करने वाली बात यह है कि वारदात स्थल से महज 500 मीटर की दूरी पर रघुनाथ चौकी का नाका है, लेकिन लुटेरे वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए। पीड़ित कपड़ा कारोबारी यसूल चोपड़ा निवासी साउथ सिटी कंट्री होम वेस्ट ने बताया कि वो अपने दोस्त को डीएमसी के पास छोड़कर फॉर्च्यूनर से लौट रहे थे। साउथ सिटी अंडरपास से आगे रघुनाथ चौकी के पास पहुंचे, कार में जोर से आवाज आई। कार चेक करने के लिए नीचे उतरे ही थे कि मुंह पर कपड़ा बांधे बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे। एक बदमाश ने यसूल के पेट पर चाकू अड़ाया और धमकी देकर गाड़ी में बैठा दिया। बदमाशों ने हाथ से सोने का कड़ा, गले की चेन, सोने की अंगूठी और जेब में रखे 3,000 नकद छीन लिए और फरार हो गए। उन्होंने तुरंत अपने पापा दर्पण चोपड़ा को फोन कर वारदात की जानकारी दी। पापा ने जल्दी घर आने की बात कही।

