Women’s T20 Asia Cup 2026: महिला टी-20 एशिया कप सेमीफाइनल में श्रीलंका ने पाकिस्तान को 4 विकेट से हराया। फातिमा सना ने 47 रन और 4 विकेट लिए, हार के बाद रो पड़ीं।
Fatima Sana crying: महिला टी-20 एशिया कप का सेमीफाइनल मुकाबला पाकिस्तान और उसकी कप्तान फातिमा सना के लिए बेहद निराशाजनक रहा। फाइनल में पहुंचने के लिए फातिमा सना ने मैदान पर बल्ले और गेंद दोनों से जोरदार प्रदर्शन किया, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सकीं। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 11 सितंबर को खेले गए मुकाबले में श्रीलंका ने पाकिस्तान को 4 विकेट से हरा दिया।
इस हार के बाद पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना खुद को रोक नहीं सकीं और फफक-फफककर रो पड़ीं। इस दौरान साथी खिलाड़ियों ने उन्हें ढांढस बंधाया। फातिमा सना के भावुक होने का यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
सेमीफाइनल में फातिमा सना का प्रदर्शन
फातिमा सना ने महिला टी-20 एशिया कप में श्रीलंका के खिलाफ सेमीफाइनल में जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने टीम को फाइनल में पहुंचाने के लिए गेंद और बल्ले से अपना सबकुछ झोंक दिया। उन्होंने मुकाबले में 47 रन की नाबाद पारी खेली। इसके लिए फातिमा सना ने 36 गेंदों का सामना किया। इस दौरान उन्होंने 4 चौके और 2 गगनचुंबी छक्के लगाए।
वहीं, गेंदबाजी की बात करें तो फातिमा सना भले ही महंगी साबित हुईं, लेकिन उन्होंने विकेट निकालकर श्रीलंका पर दबाव बनाया। फातिमा सना ने 3.4 ओवर में 38 रन देकर 4 विकेट चटकाए। उनकी इकॉनमी 10.40 रही। मैच में गेंद और बल्ले से शानदार प्रदर्शन करने के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
हर्षिता-कविशा ने पाकिस्तान से छीना मैच
पाकिस्तान से मिले 131 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम एक समय 33 रन पर 4 विकेट गंवाकर मुश्किल में थी, लेकिन हर्षिता समरविक्रमा और कविशा दिलहारी की जोड़ी ने मैच का रुख बदल दिया। दोनों बल्लेबाजों ने न सिर्फ तेजी से रन बनाए, बल्कि 5वें विकेट के लिए 59 गेंदों में 67 रन की साझेदारी कर पाकिस्तान को दबाव में ला दिया।
हालांकि, पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने 17वें ओवर में हर्षिता और कविशा को आउट किया, लेकिन तब तक श्रीलंका जीत के करीब पहुंच चुका था। हर्षिता ने 31 गेंदों में 36, जबकि कविशा ने 33 गेंदों में 33 रन का योगदान दिया। इसके बाद नीलाक्षी डी सिल्वा और कौशिनी नुथ्यांगना ने 8 गेंद शेष रहते श्रीलंका को जीत दिला दी।
Sports – Patrika | CMS

