फरीदकोट जिले में स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिले में अब तक स्वाइन फ्लू के दो मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से एक मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो चुका है, जबकि दूसरे मरीज का उपचार जारी है। मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए पुख्ता प्रबंध किए हैं। इसके साथ ही लोगों को बीमारी के लक्षणों और बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। फरीदकोट में अगस्त माह के दौरान स्वाइन फ्लू का पहला मामला सामने आया था, जबकि सितंबर माह में एक और मामला सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने से पहले ही विभाग पूरी तरह सतर्क था। अब मामले सामने आने के बाद सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। बुखार, जुकाम या फ्लू जैसे लक्षण होने पर लापरवाही न बरतें : सिविल सर्जन इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ. रमनदीप सिंगला ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए पुख्ता प्रबंध किए हैं, ताकि मरीजों की संख्या बढ़ने की स्थिति में भी हालात पर प्रभावी ढंग से काबू पाया जा सके। उन्होंने लोगों से अपील की कि बुखार, जुकाम या फ्लू जैसे लक्षण होने पर लापरवाही न बरतें और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करवाएं। समय पर जांच और उपचार से बीमारी को गंभीर होने से रोका जा सकता है।

