शहर में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए जल निगम की ओर से कराए जा रहे सीवर लाइन कार्य को लेकर समाजवादी पार्टी ने सवाल उठाए हैं। सोमवार शाम करीब पांच बजे सपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह यादव ने सीवर लाइन के निर्माण कार्य की गुणवत्ता और कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि शहर में सीवर लाइन बिछाने के लिए जिस तरह पाइप डाले जा रहे हैं, उन्हें देखकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में विकास कार्यों के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर कार्यों की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि शहर में कई स्थानों पर सीवर लाइन बिछाने के लिए सड़क की खुदाई की गई है। पाइप डालने के बाद सड़क को व्यवस्थित तरीके से दुरुस्त नहीं किया जा रहा, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान खुदी और क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थिति और खराब होने की बात भी उन्होंने कही। सुरेंद्र सिंह यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में विकास कार्यों में भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने कहा कि सीवर लाइन परियोजना का उद्देश्य शहरवासियों को जलभराव की समस्या से राहत दिलाना है, लेकिन यदि निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सड़कों की मरम्मत पर ध्यान नहीं दिया गया तो लोगों की परेशानी कम होने के बजाय बढ़ सकती है। सपा जिलाध्यक्ष ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से सीवर लाइन कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने और जहां-जहां सड़कें खोदी गई हैं, वहां उन्हें मानक के अनुसार दोबारा दुरुस्त कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जनता के पैसे से होने वाले विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जानी चाहिए।

