फतेहपुर में अंतरजनपदीय चोर गिरोह का खुलासा:किआ कार से घूमकर करते थे चोरी, 7 गिरफ्तार

फतेहपुर में अंतरजनपदीय चोर गिरोह का खुलासा:किआ कार से घूमकर करते थे चोरी, 7 गिरफ्तार

फ़तेहपुर जिले में पुलिस ने एक अंतरजनपदीय चोर गिरोह का खुलासा किया है। यह गिरोह किआ कार में घूमकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने इस गिरोह के 7 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवर और नकदी मिली है। पुलिस टीम में थाना कोतवाली पुलिस, सर्विलांस सेल और क्राइम डिटेक्शन टीम शामिल थी। संयुक्त कार्रवाई में बदमाशों के पास से कीमती सोने-चांदी के जेवर, 34,400 रुपये नकद, 8 एंड्रॉइड मोबाइल, चोरी में इस्तेमाल की गई किआ कैरेंस कार और ताला तोड़ने के औजार बरामद हुए हैं। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने मंगलवार दोपहर 3 बजे पुलिस लाइन परिसर में इस खुलासे की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम दिया गया है। गिरोह ने कई बड़ी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। साईं बिहार कॉलोनी में 4-5 सितंबर 2026 को रजनी मिश्रा के घर से 15,000 रुपये नकद, सोने की चेन, अंगूठी और चांदी की पायल चोरी हुई थी। रजनी मिश्रा ने बताया कि वह रिश्तेदारी में गई थीं, तभी अज्ञात चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर चोरी की। इसी तरह, शेखपुर उनवा में 16 सितंबर 2026 को संतोष पटेल के घर से भी चोरों ने ताला तोड़कर सारे गहने चुरा लिए थे। इन दोनों मामलों में कोतवाली थाने में केस दर्ज किया गया था। गिरफ्तार किए गए बदमाशों में विकास नागर (26 वर्ष), अनमोल सिंह (22 वर्ष), जयशिव गुप्ता (22 वर्ष), विकास निषाद (25 वर्ष) और मिथुन सिंह (40 वर्ष) सभी कानपुर नगर के रहने वाले हैं। राहुल गुप्ता (24 वर्ष) मूल रूप से सीवान (बिहार) का है और फिलहाल कानपुर नगर में रहता है। दीपक उर्फ अंशू (35 वर्ष) बिंदकी, फ़तेहपुर का निवासी है। पुलिस ने बदमाशों के पास से 1 सोने की चेन, 1 महाराजा हार, 2 अंगूठी, कान के टॉप्स, झाला, सुई-धागा, 5 छोटे-बड़े माला के गुरिया, 1 ब्रासलेट, 10 नागदार बिछिया, 8 एंड्रॉइड फोन, 34,400 रुपये नकद, 1 किआ कैरेंस कार (UP78JL5451) और ताला तोड़ने वाले औजार (पाइप रिंच, प्लास, कटर, पेचकश, सब्बल) बरामद किए हैं। एसपी ने बताया कि इन बदमाशों ने मध्य प्रदेश के दमोह में भी चोरी की एक वारदात को अंजाम दिया था। दमोह पुलिस को इस बारे में जानकारी दे दी गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *