धानेपुर थाना क्षेत्र के अलावल देवरिया गांव के पास पिपरा तालाब में सोमवार को नाबालिग किशोरी का शव उतराता मिला। शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रेमी पर दर्ज कराया था मुकदमा, आरोपी जेल में पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान उसकी मां निर्मला देवी ने अपनी बेटी रुपा के रूप में की है। किशोरी ने पूर्व में गांव के ही इरफान खान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था और किशोरी इरफान से शादी करना चाहती थी। शादी से इनकार करने के बाद किशोरी की ओर से उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस ने आरोपी इरफान खान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वह वर्तमान में जेल में निरुद्ध है। इसी बीच किशोरी का शव तालाब में मिलने से मामले ने नया मोड़ ले लिया है। उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस जांच में जुटी है। सीओ ने घटनास्थल का जायजा लिया सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विपुल पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीओ सदर अभिषेक दावच्या ने भी मौके पर पहुंचकर जानकारी ली और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ फोटोग्राफी भी की। थानाध्यक्ष विपुल पांडेय ने बताया कि किशोरी का शव तालाब में मिला है। फील्ड यूनिट ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

