प्रयागराज के खुल्दाबाद की सब्जी मंडी में शुक्रवार देर रात बाइक सवार हमलावरों ने एक युवक को गोली मार दी। घर के पास मौजूद शिवम चौधरी उर्फ ईलू (निवासी सब्जी मंडी मोहल्ला) पर पहले गालीगलौज की गई और फिर फायरिंग कर दी गई। गोली उसके पेट में बाईं ओर लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। आनन-फानन में उसे कॉल्विन अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज में देरी का आरोप लगाकर साथ गए लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति संभाली। मामले में दो लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, घटना शुक्रवार देर रात करीब 2:30 बजे की है। शिवम अपने घर के पास ही मौजूद था। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने पहले शिवम के साथ गालीगलौज की। इसके बाद विवाद बढ़ने पर एक युवक ने असलहे से फायर कर दिया। गोली लगते ही शिवम जमीन पर गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। इसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। कॉल्विन अस्पताल में इलाज में देरी पर हंगामा घायल शिवम को लेकर उसके परिचित कॉल्विन अस्पताल पहुंचे। वहां इलाज में देरी का आरोप लगाते हुए साथ आए लोगों ने नाराजगी जताई और हंगामा शुरू कर दिया। अस्पताल परिसर में शोर-शराबा होने की सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद घायल का इलाज शुरू कराया गया। एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश घटना के बाद पुलिस ने घायल पक्ष की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। इनमें एक आरोपी का नाम राजेश बताया जा रहा है। पुलिस ने एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश में दबिश दी जा रही है। खुल्दाबाद थाना प्रभारी केशव वर्मा ने बताया कि घायल और हमलावर दोनों पक्ष एक-दूसरे को पहले से जानते हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उनके बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ था। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और दूसरे की तलाश की जा रही है। घायल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

