प्रयागराज में बारिश के कारण हुए जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने कमर कस ली है। नगर आयुक्त साई तेजा ने शहर की जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को 24 घंटे निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। जलभराव की गंभीर स्थिति को देखते हुए नगर निगम के सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए गए हैं। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। नगर आयुक्त ने अपर नगर आयुक्त राजीव शुक्ला, शादाब असलम, मुख्य अभियंता डीसी सचान और अवर अभियंताओं के साथ शहर के जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान सीएसपी कैंपस, सीएमपी कॉलेज के पास का नाला, लिडिल रोड, एएन झा मार्ग, रौजा मस्जिद चौराहा, सीवाई चिंतामणि रोड, लाउदर रोड और संगम पेट्रोल चौराहा सहित कई स्थानों का जायजा लिया गया। सीएमपी कॉलेज परिसर में जलभराव की शिकायत पर नगर आयुक्त ने तत्काल जल निकासी के निर्देश दिए। सीएमपी के आसपास चल रहे सीएम ग्रिड के कार्य के कारण आउटलेट की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया, जिसके बाद कॉलेज के लॉन से पानी की निकासी शुरू हो सकी। इसके अतिरिक्त, कॉलेज के पीछे नाले में बारिश से जमा फ्लोटिंग मटेरियल, मिट्टी और सिल्ट को हटाने के लिए सफाई टीम लगाने के निर्देश भी दिए गए। जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए नगर निगम ने 100 अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों को तत्काल तैनात करने का निर्णय लिया है। ये कर्मचारी कल्वर्ट, पुलिया और नालों के नीचे जमा फ्लोटिंग मटेरियल और सिल्ट की सफाई करेंगे, जिससे रिहायशी इलाकों में पानी जमा होने से रोका जा सके। जोन-6 ट्रांसपोर्टनगर और जोन-5 नैनी के जलभराव वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पंप लगाए जा रहे हैं। नगर निगम को मेला प्राधिकरण से लगभग 50 अतिरिक्त पंप प्राप्त हुए हैं, जिनका उपयोग प्रभावित क्षेत्रों से पानी निकालने के लिए किया जा रहा है। नैनी बाजार में सीवर लाइन जाम की शिकायत पर जल निगम के अधिकारियों को तत्काल सफाई के निर्देश दिए गए हैं। आगामी त्योहारों और बारिश की चेतावनी को देखते हुए नगर आयुक्त ने सभी जोनल अधिकारियों, सफाई एवं खाद्य निरीक्षकों और कर्मचारियों को एक्शन मोड में रहने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जलभराव की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर जलनिकासी कराई जाए। सभी अधिकारी 24X7 निगरानी करेंगे और बिना पूर्व अनुमति के अवकाश पर नहीं जाएंगे। नगर आयुक्त ने कहा कि जलभराव से निपटने का काम युद्धस्तर पर होगा और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।

