गोंडा के कटरा बाजार थाना क्षेत्र में शनिवार रात प्रदीप दुबे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सोमवार सुबह करीब 9 बजे आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके शरीर पर सात जगह चोट के निशान मिले हैं। इनमें ज्यादातर चोटें दाहिनी तरफ हैं। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोटें सड़क हादसे में आने वाली बताई गई हैं और मौत भी एक्सीडेंट में हुई है। वहीं, परिवार इसे हत्या बता रहा है और कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय ने बताया कि प्रदीप शनिवार शाम करीब 8:30 बजे घर जाने वाले लिंक रोड पर घायल हालत में मिले थे। वह अपने घर से करीब 2.5 किलोमीटर दूर सड़क किनारे पड़े थे। रास्ते से गुजर रहे सचिव मिश्रा ने प्रदीप के फोन से पीआरवी को सूचना दी थी। उसने बताया था कि ट्रैक्टर से एक्सीडेंट हुआ है और ट्रैक्टर चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रदीप को अस्पताल भेजा था, जहां उसकी मौत हो गई। भाई से 8:08 बजे हुई थी फोन पर बात पुलिस के मुताबिक प्रदीप के भाई ने शनिवार शाम 8:08 बजे उससे फोन पर बात की थी। इसके करीब 27 मिनट बाद 8:35 बजे पीआरवी को घटना की सूचना दी गई। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में उसी समय एक ट्रैक्टर विपरीत दिशा में जाता दिखाई दे रहा है। पुलिस के मुताबिक प्रदीप की बाइक भी दाहिनी तरफ से क्षतिग्रस्त मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हादसे से आई चोटों के कारण मौत की पुष्टि हुई है।
कार्रवाई की मांग पर अंतिम संस्कार रोका पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद परिवार ने प्रदीप की मौत को हत्या बताते हुए आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की। कार्रवाई न होने पर परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से भी इनकार कर दिया था। पुलिसकर्मियों ने परिवार को समझाया और केस दर्ज कर जांच का आश्वासन दिया। इसके बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। सोमवार सुबह परिजनों ने कई लोगों के खिलाफ पुलिस को शिकायत भी दी। प्रदीप के घर पर कटरा बाजार समेत तीन थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई है। पुराने विवाद को भी जांच में शामिल किया पुलिस के मुताबिक परिवार जिन लोगों पर आरोप लगा रहा है, उनके परिवार की ओर से पहले प्रदीप के भाई के खिलाफ छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस मामले में वह जेल भी जा चुका है। पुलिस का कहना है कि इसी पुराने विवाद को देखते हुए परिवार की ओर से हत्या के आरोप लगाए जाने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज, बाइक की स्थिति और घटना की सूचना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

